जालंधर. किसी भी साइट पर जब हम किसी अनजाने व्यक्ति से चैटिंग करते हैं तो हमें उसके बारे में कुछ भी मालूम नहीं होता। हमारी जिंदगी के लिए ऐसे व्यक्ति अच्छे भी होते हैं और कुछ ऐसे भी होते हैं, जो हमारी जिंदगी में मुसीबतों का कारण बन जाते हैं।
यह कहना है फिल्म ‘वेलेंटाइन नाइट्स’ की हीरोइन पायल रोहतगी का। फिल्म स्टार पायल और रेसलर संग्राम सिंह बुधवार को महावीर मार्ग स्थित जेजे आर्केड में फिल्म की प्रोमोशन के लिए पहुंचे। फिल्म 10 फरवरी को रिलीज होगी।
‘वेलेंटाइन नाइट्स’ फिल्म में सोशल नेटवर्किग साइट्स के अच्छे व बुरे इफेक्ट्स पर कटाक्ष किया गया है। प्रेस कांफ्रेंस में पायल ने बताया कि कुमार बादल द्वारा निर्देशित फिल्म वेलेंटाइन पर आधारित है। इसमें अस्तित्व द बैंड ने संगीत दिया है। इसकी कहानी 14 फरवरी के दिन से शुरू होती है।
एक पूरे दिन पर आधारित इस फिल्म की शुरुआत ही मुख्य किरदार संजना और अभय के लव ब्रेकअप से होती है। संजना और अभय काल सेंटर में काम करते हैं। रोमांटिक लव स्टोरी के अलावा फिल्म में विभिन्न सोशल नेटवर्किग साइट्स के बारे में कटाक्ष किया गया है।
इसमें बताया गया है कि सोशल नेटवर्किग पर मिलने वाले ज्यादातर दोस्त भरोसे लायक नहीं होते। रेसलर संग्राम सिंह की यह पहली फिल्म है। संग्राम का कहना है कि स्पोर्ट्स को जिंदा रखने के लिए मीडिया का सहारा लेना बहुत जरूरी है। उनका कहना है कि रेसलिंग मेरे खून में रची है। भविष्य में वह स्पोटर्स व फिल्मों को एक साथ जारी रखेंगे।