'पंजाब में एनआरआईज की जमीनों की सुरक्षा नहीं'
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 06:01(09/02/12)
जालंधर. पंजाब में जमीन, जायदाद व मैट्रीमोनियल के संबंध में कैनेडा व यूके में रहने वाले एनआरआईज की दिक्कतें एक जैसी ही हैं। पंजाब में एनआरआईज को दिक्कतों पर ध्यान भी नहीं दिया जा रहा है। यह जानकारी वीरवार को एनआरआई सभा पंजाब के दफ्तर में हुई मीटिंग के दौरान कैनेडा की ब्रिटिश कोलंबिया स्टेट के विधायक हैरी बैंस ने दी।
हैरी बैंस ने कहा कि पंजाब में एनआरआईज की जमीनों की सुरक्षा नहीं की जा रही है, जिसके चलते एनआरआईज को अपनी संपत्ति के लिए भटकना पड़ रहा है। कैनेडा में बसे एनआरआईज हो या फिर यूके में रहने वाले लोग हों, सभी को पंजाब में पूरी सुविधाएं मुहैया नहीं करवाई जा रही।
सिस्टम ज्यादा अच्छा न होने की वजह से एनआरआईज न्याय के लिए भटक रहे हैं लेकिन सरकार का ज्यादा ध्यान नहीं है। ज्यादा अच्छा सिस्टम तभी मुहैया हो पाएगा, जब सरकार के पास मांग सख्ती से रखी जाएगी। हैरी बैंस ने एनआरआई सभा पंजाब के प्रधान कमलजीत हेयर के सभा के नए भवन के लिए बधाई दी।
सभा प्रधान हेयर ने भी कैनेडा से पहली बार सभा भवन में पहुंचे हैरी बैंस को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस मौके पर यूके की संसद के सदस्य वरिंदर शर्मा, एनआरआई जसवंत सिंह ग्रेवाल, परमिंदर सिंह मौजूद थे।