एलआईसी की महिला एजेंट को घर में बंधक बनाकर लूटपाट
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 07:32(09/02/12)
आदमपुर. गांव चोमो में दो लुटेरों ने पिस्तौल के बल पर एलआईसी की महिला एजेंट को घर में बंधक बना लूट किया। हरदीप कौर(33) ने बताया कि बुधवार सुबह पौने दस बजे मकान मालिक इंद्रजीत सिंह का कनाडा से फोन आया था। वह आंगन में बात कर रही थी, तभी दो युवक घर में दाखिल हुए। उनमें एक पगड़ीधारी था। दोनों ने उससे नाम और काम पूछा।
फिर बोले कि वे कुछ इंक्वायरी करने आए हैं। वह घर के अंदर दोनों के लिए कुर्सी लेने गई, तभी पीछे से वे भी अंदर आ गए। एक युवक ने उसकी कनपटी पर पिस्तौल लगा दी और मुंह दुपट्टे से बांध दिया। लुटेरों ने उसकी सोने की चेन, तीन अंगूठियां, दो कंगन उतरवा लिए और फिर अलमारी खंगालने लगे।
उसमें से एक सोने की चेन, लॉकेट और दस हजार रुपए निकाल लिए। जाते-जाते लुटेरे दो मोबाइल भी साथ ले गए। हरदीप ने बताया कि एक वर्ष पहले पति जगतार सिंह की मौत हो चुकी है। तब से गांव नडाला छोड़ आदमपुर में रहती है और एलआईसी की एजेंट बनकर दोनों बच्चों को पाल रही है।
घटना के वक्त उसका 10 साल का बेटा और 9 साल की बेटी स्कूल गए थे। घनी आबादी में लूटपाट से लोग भी सकते में हैं। जिस समय वारदात हुई, परिसर में स्थित एक और मकान में किरायेदार पति-पत्नी मौजूद थे। परंतु उन्हें वारदात का पता नहीं चला।