जहरीली पंजीरी खाने से 15 लोग बीमार
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 06:14(09/02/12)
कोटकपूरा कोटकपूरा से करीब पांच किलोमीटर दूर गांव बहबल खुर्द (नियामी वाला) के एक आंगनबाड़ी केंद्र में जहरीली पंजीरी खाने से 12 मासूम बच्चे व तीन महिलाएं बीमार हो गई। सभी को सिविल अस्पताल कोटकपूरा लाया गया, लेकिन बाल रोग विशेषज्ञ के नहीं होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार देकर मेडिकल कॉलेज फरीदकोट भेजा गया, जहां पांच बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है।
गांव बहबल खुर्द (नियामी वाला) में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों को बुधवार को पंजीरी बांटी गई थी। पंजीरी खाने बाद घर जाते ही एक एक कर सभी बच्चे बीमार होने लगे। कुछ बच्चे अपने घर भी पंजीरी ले गए जिसका सेवन करने से तीन महिलाएं भी बीमार हो गईं।
चिकित्सकों ने दिखाई उदासीनता
सिविल अस्पताल कोटकपूरा के प्रभारी खुद बाल रोग विशेषज्ञ हैं, लेकिन वह घटना के कुछ समय पहले ही छुट्टी कर अपने घर फरीदकोट चले गए थे। इमरजेंसी में तैनात डॉ.एचएस गांधी ने उन्हें फोन किया,तो उन्होंने बच्चों को फरीदकोट रेफर करने को कहा।
जबकि घटना के समय अस्पताल में ही उपस्थित एक अन्य वरिष्ठ चिकित्सक ने यह कह इमरजेंसी वार्ड में आने से इंकार कर दिया कि वह इस वक्त ड्यूटी पर नहीं है। सिविल सर्जन डा.तेजवंत सिंह से संपर्क करने पर उन्होंने खुद को एक ट्रेनिंग में शामिल हुआ बताया।