सिगरेट सुलगाई और बिस्तर के साथ जिंदा जल गया
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 05:49(09/02/12)
लुधियाना/होशियारपुर. चंडीगढ़ रोड पर स्थित दंदोवाल में मंगलवार रात सिगरेट से आग लगने से एक व्यक्ति बिस्तर पर ही जिंदा जल गया। 56 वर्षीय परमजीत सिंह सारी रात बिस्तर में लगी आग की लपटों में घिरा रहा लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। बुधवार तड़के उसके घर से धुंआ निकलने पर लोगों को घटना की जानकारी हुई।
लोग दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे तो अधजली हालत में परमजीत की सांसें चल रही थीं। उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी की जा रही थी तभी उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक जांच में सामने आया है कि परमजीत सिंह शराब व सिगरेट का शौकीन था।
उसके जले बिस्तर पर शराब की बोतल व सिगरेट बीड़ी के निशान भी मिले हैं। पुलिस को संदेह है कि रात में खाना खाने के बाद परमजीत ने भारी मात्रा में सिगरेट या बीड़ी पी होगी। नशे में ही जब उसने सिगरेट सुलगाई होगी तो उसकी चिंगारी से रजाई में आग लग गई। नशे में होने के चलते वह मदद के लिए चिल्ला भी नहीं पाया होगा। नशा ही उसके लिए जानलेवा साबित हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए होशियारपुर भेज दिया है।
कैथल से आया था गांव
लोगों ने बताया कि परमजीत सिंह काफी समय से अपनी पत्नी गुरबख्श कौर व पांचों बच्चों के साथ हरियाणा के जिला कैथल में स्थित गांव टोआर जागीर में रह रहा था। हंदोवाल गांव में उसका पुश्तैनी मकान व जमीन जायदाद होने की वजह से वह कुछ दिनों के लिए खेती करने अकेला ही यहां आया था। परमजीत सिंह के दो बेटे विदेश में हैं जबकि एक बेटा व दो बेटियां मां के पास जागीर टोआर में है।