पूरी फसल चौपट, मुआवजा मिला मात्र 18 रुपए का चेक
Source: लछमण दोस्त | Last Updated 04:48(07/02/12)
फाजिल्का. अगस्त-सितंबर माह में बारिश से प्रभावित फसलों का किसानों को सरकार मुआवजा तो दे रही है, लेकिन रकम इतनी कम है कि वह किसानों के लिए मजाक बनकर रह गई है। सरकार के आंकलन अनुसार, जिला फाजिल्का में 11733 एकड़ फसल बारिश से बर्बाद हुई है। इसके लिए सरकार की ओर से पांच करोड़ 24 लाख रुपए मुआवजा राशि जारी की गई। किसान राहत राशि की आस लगाए हुए बैठे थे।
गांव खुईखेड़ा के किसान राजिंदर कुमार और निर्मला देवी को मात्र 18 रुपए का चेक जारी किया गया है। इसके अलावा खुईखेड़ा के ही किसान सरदारा सिंह को 38 रुपए, गांव बोदी वाला के कमल नैन को 51 रुपए मुआवजा राशि का चेक जारी किया गया है। इसके खिलाफ किसानों में गहरा रोष है।
यह मिलना था मुआवजा
बारिश के कारण प्रभावित हुई फसलों में से जो फसल 75 प्रतिशत से अधिक प्रभावित हुई है, उन्हें 5000 रुपए प्रति एकड़, 50 से 75 प्रतिशत प्रभावित फसल वालों को 2500 रुपए और कच्चा मकान गिरने वालों को 10 हजार रुपए व पक्का मकान गिरने वालों को 35 हजार रुपए मुआवजा राशि मिलनी थी।
यहां हुआ था नुकसान
बारिश के कारण गांव सजराना, खुईखेड़ा, बोदी वाला आदि गांवों और बाढ़ के कारण दोना नानका, तेजा रुहेला, गुलाबा भैणी, झंगड़ भैणी, नूरशाह, मौजम, कावांवाली, महातम नगर, भैणी राम सिंह, ढाणी सदा सिंह गांवों के किसान प्रभावित हुए थे।
चेक खाते में लगाएं तो भी नुकसान: राजिंदर कुमार और निर्मला देवी के नाम जारी 18 रुपए का चेक एचडीएफसी बैंक का है। वहां सेविंग खाता खुलवाने के लिए कम से कम 2500 रुपए जमा करवाने पड़ते हैं।