मोगा। मोगा उपचुनाव के मतदान वाले दिन शनिवार को नेताओं ने चुनाव आचार संहिता की जमकर धज्जियां उड़ाईं। चुनाव आयोग की हिदायतों को दरकिनार कर मोगा हलके से बाहरी नेता व विधायक शहर में खुलेआम पोलिंग बूथ के आसपास घूमते रहे। जिला रिटर्निग अधिकारी, चुनाव आब्जर्वर शहर का दौरा कर रहे थे, लेकिन शहर में घूमते ये बाहरी नेता उन्हें नजर ही नहीं आए।
हालांकि पीपीसीसी सदस्य जगमीत बराड़ व कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह ने चुनाव से एक दिन पहले ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मोगा हलके में बाहरी नेताओं के छिपे होने का आरोप लगाया था व इसकी शिकायत भी की थी। चुनाव आयोग व आब्जर्वरों ने बाहरी नेताओं को शहर से बाहर करने के लिए शुक्रवार रात को होटलों में सर्च की, मगर शिअद नेता व विधायक शहर में ठहरे हुए थे।
विधायक सिंगला बोले किसी काम से आया था
बठिंडा से शिअद विधायक व मुख्य संसदीय सचिव सरूप चंद सिंगला भी चुनाव के दिन शनिवार को मोगा में घूमते हुए नजर आए। उन्हें अकालसर रोड पर वार्ड नंबर 22 के पोलिंग बूथ के आसपास देखा गया। इस संबंध में जब सिंगला से बात की गई तो उन्होंने माना कि वह मोगा में थे, मगर वह मोगा में चुनाव के लिए नहीं, बल्कि अपने किसी काम से आए थे।