बीएसएफ की महिला कांस्टेबल ने खुद को गोली मारी
Source: भास्कर न्यूज | Last Updated 05:33(10/02/12)
खेमकरण. भारत-पाक सीमा पर सेक्टर खेमकरण में बीएसएफ की 45 बटालियन में तैनात महिला कांस्टेबल ने वीरवार को ड्यूटी के दौरान सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। गंभीर रूप से घायल होने पर उसे अस्पताल में दाखिल कराया है।
थाना प्रभारी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि महिला कांस्टेबल बलजीत कौर कालिया पोस्ट पर तैनात थी। कुछ दिन पहले ही वह अपने गांव लधाणा झींका (नवांशहर) से लौटी थी और तभी से मानसिक तौर पर परेशान थी। देर शाम उसने सर्विस राइफल से पेट में गोली मार ली, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
उसे अमृतसर के गुरु नानक देव अस्पताल में दाखिल कराया गया है। 45 बटालियन के कमांडेंट आरके शर्मा ने कहा घटना के कारणों का अभी पता नहीं लग सका है। घायल के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। सूत्रों के अनुसार बलजीत से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसकी पुष्टि नहीं हो पाई।