लुधियाना . फिल्म अभिनेता धर्मेद्र की हैबोवाल कलां में पड़ी करोड़ों की जमीन पर कब्जा करने वाले दो लोगों को विजिलेंस ब्यूरो ने गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए दोनों लोगों समेत प्रॉपर्टी डीलिंग से जुड़े एक दर्जन लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। इनमें ज्यादातर लोग रियल एस्टेट के कारोबार से जुड़े हैं जबकि इनमें एक पटवारी और वकील भी शामिल हैं। बाकी आरोपी फरार हैं।
विजिलेंस ब्यूरो के लुधियाना रेंज के एसएसपी सतिंदर सिंह ने बताया कि मामले में हैबोवाल दुर्गापुरी के रोहित कपिला व चूहड़पुर रोड के जसवंत सिंह को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के खिलाफ उधम सिंह नगर के रविंदर सूद की शिकायत पर पर्चा दर्ज किया गया है।
धर्मेद्र ने रविंदर सूद के नाम पर अपनी पावर ऑफ अटार्नी की हुई है। आरोपियों ने तीन एकड़ जगह में से 1333 वर्ग गज जगह पर कब्जा कर रखा था। इन लोगों ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर धर्मेद्र की जमीन की रजिस्ट्रियां भी करवा ली थीं।
ऐसे किया खेल
एसएसपी ने बताया कि रोहित कपिला ने इस काम में पटवारी के साथ सांठगांठ की। पटवारी के साथ मिलकर पहले जाली दस्तावेजों के आधार पर 1333 गज की जगह के दो प्लाट दिखाए। उसमें से एक की पावर ऑफ अटॉर्नी किसी दोस्त के नाम पर कर दी। उसी दोस्त ने इस जगह की आगे जालंधर में किसी और को पॉवर ऑफ अटार्नी दे दी। इसके बाद सीधी रजिस्ट्री रोहित कपिला के नाम पर करवा दी गई। इस केस में जालंधर के एक वकील की मिलीभगत के अलावा कई लोग भी शामिल हैं।