'वो चीखती रही और मैं कुछ नहीं कर सका'
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 05:45(09/02/12)
लुधियाना/होशियारपुर. रहीमपुर चौक के साथ लगती पतली गली में मंगलवार रात करीब नौ बजे चाय बनाने के दौरान स्टोव से भड़की आग से पंद्रह साल की लड़की जिंदा जल गई। घटना के वक्त वह ड्यूटी से घर लौटे पिता के लिए चाय बना रही थी। आग लगने के बाद जसवंत सिंह ने बेटी रजनी को बचाने के लिए काफी कोशिश की लेकिन बचा नहीं सका।
आग बुझाने को दौरान वह भी गंभीर रूप से झुलस गया। उसे निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। अस्पताल में नम आंखों से जसवंत सिंह ने बताया कि लोगों की चिता मरने के बाद जलती है पर हमने क्या गलती की थी कि रब ने हमें इतनी बड़ी सजा दी। मेरी बेटी जिंदा ही जल गई।
जसवंत सिंह ने माडल टाऊन पुलिस को बताया कि रात को जब वह घर लौटा तो बड़ी बेटी जसविन्दर कौर अपने ताये के कमरे में टीवी देख रही थी। छोटी बेटी रजनी को उसने चाय बनाने को कहा।रजनी किचन में स्टोव जला रही थी कि भड़कने से आग उसके कपड़ों में लग गई। उसकी चीखो पुकार सुनकर उसने उसे बचाने की काफी कोशिश की लेकिन कमरा तंग होने की वजह से उसे बचा नहीं पाया।
8वीं में पढ़ती थी रजनी
परिजनों ने बताया कि रजनी रहीमपुर के ही खालसा स्कूल में आठवीं में पढ़ती थी। पढ़ने में वह होशियार थी। मां के नहीं होने की वजह से घर का सारा काम वह ही करती थी। पिता व बड़ी बहन को ड्यूटी पर भेजने से पहले खाना पकाने के बाद ही वह स्कूल जाती थी। परिजनों के अनुसार रजनी जब दधमुंही बच्ची थी तभी उसकी मां घर छोड़ कही चली गई। दोपहर बाद चार बजे के करीब रजनी अंतिम संस्कार रिश्तेदारों की मदद से गांव के श्मशानघाट में कर दिया गया।