राज्यदिल्ली
मध्य प्रदेश
राजस्थान
छत्तीसगढ़
हिमाचल
पंजाब
हरियाणा
चंडीगढ़
उत्तर प्रदेश
बिहार
झारखंड
महाराष्ट्र
गुजरात
जम्मू-कश्मीर
मनमोहन जी, साहनेवाल एयरपोर्ट सुधारें और जीएसटी भी लागू करें
Bhaskar News | Dec 09, 2012, 03:23AM IST

लुधियाना . पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के समारोह में शिरकत करने आए प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह से शनिवार को शहर के इंडस्ट्रियलिस्ट ने मुलाकात की। इस दौरान शहर के इंडस्ट्रियलिस्ट ने इंडस्ट्री से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से रखा।
सूचना एवं प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी व कांग्रेस के जिला प्रधान पवन दीवान, इंडस्ट्रियलिस्ट और प्रधानमंत्री के बीच बातचीत की कड़ी बने। इंडस्ट्रियलिस्ट ने कहा कि जीएसटी को जल्द लागू किया जाए और साहनेवाल एयरपोर्ट का विस्तार कराया जाए। प्रधानमंत्री डॉ. सिंह ने इंडस्ट्रियलिस्ट को आश्वासन दिया है कि हर समस्या का समाधान होगा।
साहनेवाल एयरपोर्ट का विस्तार और जीएसटी लागू करने पर प्रधानमंत्री ने विचार करने की बात कही है। कारोबारियों ने लुधियाना के सांसद मनीष तिवारी को कैबिनेट मिनिस्टर बनाने पर आभार व्यक्त किया।
प्रमुख मांगे
साहनेवाल एयरपोर्ट का विस्तार करके देश-विदेश की फ्लाइट्स शुरू की जाएं।
लुधियाना में एक एजुकेशन यूनिवर्सिटी स्थापित की जाए।
देश में एक समान टैक्स लागू होना चाहिए।
चीन से इंपोर्ट होने वाले साइकिल व साइकिल पार्ट्स पर कम से कम 40 फीसदी इंपोर्ट ड्यूटी होनी चाहिए। जिससे चीन से बल्क में आ रहे सामानों पर रोक लग सके।
अमृतसर और मुंबई फ्रेट कॉरीडोर को जल्द शुरू किया जाए।
एमएसएमई के लोन पर ब्याज दरें 13.50 के बजाए 6 फीसदी की जाए।
बड़े शहरों में साइकिल ट्रैक बनाए जाएं।
साहनेवाल के पास बन रहे इंटेग्रेटिड टैक्सटाइल पार्क के लिए शेष 16 करोड़ रुपए जारी किए जाएं।
2004 में सेंट्रल एक्साइज ड्यूटी को वैकल्पिक किया गया था। इसे 2011 में खास कर निटवियर पर अनिवार्य कर दिया गया। जबकि धागे को वैकल्पिक श्रेणी में ही रखा गया। इससे निटवियर इंडस्ट्रियलिस्ट को 12.38 फीसदी फीस अपनी जेब से देनी पड़ रही है। सेंट्रल एक्साइज ड्यूटी को पहले की तरह ही वैकल्पिक रखा जाए। जिससे इंडस्ट्री ग्रोथ कर सके।
एयरपोर्ट से सीधे दिल्ली, मुंबई और कोलकाता की फ्लाइट्स शुरू की जाए।
लुधियाना के उद्योगों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की एग्जीबिशन सेंटर के लिए स्थान उपलब्ध करवाने की मांग भी रखी गई।
एमएसएमई के लिए बैंक के ब्याज दरों में कमी की जाए।
कॉमन एफुलेंट ट्रीटमेंट प्लांट (सीईटीपी) के निर्माण के लिए स्पेशल ग्रांट मुहैया कराई जाए।
साहनेवाल एयरपोर्ट की स्थिति
एयरपोर्ट का एरिया124.67 एकड़
रनवे की लंबाई 4800 फुट
रनवे की चौड़ाई100 फुट
पार्किग क्षमतादो विमान
लैंडिंग को जरूरी विजिबिलिटी5 किलोमीटर
फ्लाइट लैंडिंग की सुविधाडे टाइम में
क्या है जीएसटी
गुड्स एंड सर्विस टैक्स (जीएसटी) के तहत पूरे देश में कारोबारियों को किसी सामान पर केवल एक ही बार टैक्स अदा करना होगा। अभी तक कारोबारियों को निगम से लेकर राज्य व केंद्र को अलग-अलग तरीके के कई टैक्स देने पड़ रहे हैं। 2006 में राज्य व केंद्र सरकार के सभी टैक्स को लेकर एक मसौदा बनाया था। केंद्र व राज्य सरकार में तालमेल न होने से इसे लागू नहीं किया जा सका है।
मौके पर ये रहे उपस्थित
हीरो साइकिल के चेयरमैन ओपी मुंजाल, वर्धमान ग्रुप के सीएमडी एसपी ओसवाल, नाहर ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के वाइस चेयरमैन कमल ओसवाल, ट्राइडेंट ग्रुप ऑफ कंपनीज के सीएमडी राजिंदर गुप्ता, रालसन के सीएमडी संजीव पाहवा, यूसीपीएमए के प्रधान गुरमीत सिंह कुलार, हीरो साइकिल के एमडी एसके राय, राकेश गुप्ता, रणजोध सिंह, केएनएस कंग, संजय गुप्ता, निटवियर क्लब के प्रधान दर्शन डाबर, चेयरमैन विनोद थापर, लुधियाना डाइंग एसोसिएशन की तरफ से प्रधान अशोक मक्कड़, लुधियाना कांग्रेस अध्यक्ष पवन दीवान, निटवियर क्लब के वित्त सचिव हरीश केयरपाल, महिन्द्र नारंग, बलबीर सिंह जम्मू, चरणजीत सिंह, दिनेश बजाज, मुकेश उप्पल, मनमोहन कौड़ा, रिपुदमन सिंह, राजू मलिक, मृदुला जैन, जेआर सिंघल, संदीप रियात, गुरदीप सिंह आहलूवालिया, गोपी कोठारी, सतीश ढांडा, मुकेश मिगलानी।
टैक्स के जंजाल से मिलेगी मुक्ति
देश में एक समान टैक्स लागू होना चाहिए। जीएसटी लागू होने से इंडस्ट्रियलिस्ट और कारोबारियों को टैक्स के भंवरजाल से मुक्ति मिल सकेगी।
कमल ओसवाल, वाइस चेयरमैन,नाहर ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज
वैकल्पिक रखा जाए
2004 में सेंट्रल एक्साइज ड्यूटी को वैकल्पिक किया गया था। सेंट्रल एक्साइज ड्यूटी को पहले की तरह ही वैकल्पिक रखा जाए। जिससे इंडस्ट्री ग्रोथ कर सके।
दर्शन डाबर, प्रधान निटवियर क्लब
साइकिल इंडस्ट्री की टक्कर चीन से
लुधियाना साइकिल इंडस्ट्री की सीधी टक्कर चीन से है। चीन से इंपोर्ट होने वाले साइकिल व साइकिल पार्ट्स पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ा दी जाए।
गुरमीत सिंह कुलार, अध्यक्ष यूसीपीएमए
केंद्र मुहैया कराए ग्रांट
सीईटीपी के लिए अगर केंद्र सरकार स्पेशल ग्रांट मुहैया करवा दे तो न केवल लुधियाना प्रदूषण मुक्तहोगा, बल्कि डाइंग इंडस्ट्री पहले से बेहतर हो सकेगी।
अशोक मक्कड़, प्रधान, लुधियाना डाइंग एसोसिएशन






