विदेश भेजने के लिए रिश्तेदारों से लिए थे पैसे, वापस करने के डर से खाया जहर
लुधियाना. रिश्तेदारों से विदेश भेजने के नाम पर लिए पैसे वापस करने के डर से भामियां कला के रहने वाले महिंदर सिंह ने जहर निगल लिया। घटना का पता चलते ही उसके घर वालों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। थाना जमालपुर की पुलिस ने महिंदर सिंह के खिलाफ आईपीसी की धारा 309 के अधीन मामला दर्ज किया है।
एएसआई सुरजीत सिंह के अनुसार महिंदर सिंह की शादी कुछ समय पहले हुई थी। आरोपी अक्सर विदेश आता-जाता था। बाद में उसने खुद भी ट्रेवलिंग एजेंट का काम करना शुरू कर दिया। उसके कुछ रिश्तेदारों ने भी अपने बच्चों को विदेश भेजने के लिए उसे पैसे दिए थे।
लेकिन काफी समय तक न तो उसने किसी को विदेश भेजा और न ही किसी के पैसे ही वापस किए। जब कई रिश्तेदार उससे पैसे मांगने के आए तो उसने पैसे वापस करने के डर से कोई जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। घरवालों ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जांच अधिकारी के अनुसार आरोपी की हालत स्थिर बनी हुई है। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद उसे गिरफ्तार किया जाएगा।






