भाजयुमो नेता के दफ्तर पर फायरिंग
Source: भास्कर न्यूज | Last Updated 05:21(10/02/12)
फगवाड़ा. हेलमेट पहने दो युवकों ने वीरवार देर शाम भाजयुमो नेता के दफ्तर में अंधाधुंध फायरिंग की। गोलीबारी में मोर्चा के नेता के छोटे भाई और एक हमलावर समेत तीन लोग घायल हो गए। भागते वक्त हमलावरों की बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इससे एक हमलावर वहीं गिर पड़ा जिसे गिरफ्तार कर लिया गया। शाम को दो युवक भाजयुमो नेता संजय चहल के चड्ढा मार्केट स्थित दफ्तर में घुसे और अंधाधुंध फायरिंग कर दी।
घटना के वक्त दफ्तर में मौजूद उनके छोटे भाई राजीव चहल के बाएं कंधे और हाथ में दो गोलियां लगीं और वह नीचे गिर गए। एक गोली चार्जर खरीदने आया 16 वर्षीय लड़के को लगी। इसी बीच मौके पर पहुंचे संजय ने जवाबी फायरिंग की, जिससे एक हमलावर हरपाल सिंह घायल हो गया। गिरफ्तार हमलावर से पिस्तौल बरामद की गई है। वहीं, दूसरा हमलावर बाइक से फरार हो गया। घटना के बाद दोनों घायलों को गांधी अस्पताल पहुंचाया गया।