राज्यदिल्ली
मध्य प्रदेश
राजस्थान
छत्तीसगढ़
हिमाचल
पंजाब
हरियाणा
चंडीगढ़
उत्तर प्रदेश
बिहार
झारखंड
महाराष्ट्र
गुजरात
जम्मू-कश्मीर
पंजाब में सेफ नहीं महिलाएं... ज्यादती के 7 और मामले सामने आए
भास्कर न्यूज
| Dec 30, 2012, 07:56AM IST

गुरदासपुर की घटना
शादी का झांसा देकर दो साल खेलता रहा इज्जत से
गुरदासपुर. शादी का झांसा देकर दो साल तक दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। युवती ने कहा है कि उसकी साल 2010 में नजदीकी गांव बल के कुलजीत सिंह उर्फ काला के साथ जान पहचान हुई थी। कुलजीत सिंह ने उससे वायदा किया था कि वह उससे शादी करेगा। यही झांसा देकर वह दो साल तक उसके साथ संबंध बनाता रहा।वह जब भी शादी के लिए उसे कहती तो वह कोई न कोई बहाना बना टाल देता। कुछ दिन पहले जब उसने फिर शादी की बात की तो उसने इससे साफ मना कर दिया।धमकी दी कि जो करना है कर ले। आखिर उसे इंसाफ के लिए पुलिस के पास आना पड़ा। एसएचओ निर्मल सिंह ने बताया कि शनिवार को ही युवती का मेडिकल कराया गया है। इसकी रिपोर्ट आनी बाकी है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर दिया गया है।
लुधियाना
अलग-अलग जगहों से तीन लड़कियां अगवा
लुधियाना. शहर के अलग-अलग जगहों से 3 नाबालिग लड़कियों के अपहरण के आरोप में पुलिस ने मामले दर्ज किए हैं। पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी बेटी 7वीं में पढ़ती है। 21 दिसंबर को वह घर से चावल लेने गई थी। बाद में पता चला कि उसकी बेटी का शादी की नीयत से अजय मुखिया ने अपहरण कर लिया है। एक अन्य मामले में थाना बस्ती जोधेवाल ने योगेश कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी बेटी बारहवीं में पढ़ती है। वह उसे लेकर पटियाला से लुधियाना आया था। यहीं से आरोपी उसकी बेटी को लेकर फरार हो गया। थाना 6 ने संतोष पर केस दर्ज किया है। उसकी बेटी अपनी मां के साथ फैक्ट्री में काम पर गई थी। वह फैक्ट्री में किसी काम के लिए बाहर गई तो काफी समय तक बाहर नहीं आई। पता चला कि उसका अपहरण हो गया है।
बठिंडा
दोस्त की पत्नी से गैंग रेप, सभी आरोपी फरार
बठिंडा. मौड़ खुर्द में महिला से गैंगरेप का मामला सामने आया है। पीड़िता के बयान पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। सभी आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है। थाना मौड़ पुलिस को दिए बयान में पीड़िता ने बताया कि उसका पति अपने दोस्त लीला सिंह निवासी माइसर खाना के साथ पशु बेचने का काम करता है। आरोप है कि लीला सिंह ने अक्टूबर में उसके परिवार को माइसर खाना बुलाया था। 20 अक्टूबर को जब वह लीला सिंह के घर पहुंचे तो उसके पति को लीला सिंह ने किसी काम से बाहर भेज दिया। इसके बाद लीला सिंह, उसका साला और साली के लड़के ने उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपियों ने उसे चुप रहने के लिए जान से मारने की धमकी भी दी। इसी कारण वह इतने दिन चुप रही। जांच अधिकारी गुरमेल सिंह ने कहा कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अबोहर की घटना
धोखे से करवाई शादी, फिर दुराचार
अबोहर. बहाने से घर बुलाकर एक लड़की को नशीली चाय पिलाकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने महिला सहित चार पर केस दर्ज किया है। घटना भगवानपुरा की है। पीड़िता ने बताया कि उसके घर के पास रहने वाली महिला ने उसके लिए अच्छा लड़का देखने का भरोसा देते हुए 20 दिसंबर को अपने घर बुलाया और नशीली चाय पिला दी। जब वह होश में आई तो खुद को फिरोजपुर की एक बस्ती के घर में पाया। घर के मालिक सरदूल ने बताया कि उसकी उसके साथ शादी हो चुकी है। इसके बाद सरदूल उससे दुराचार करता रहा। उसे बंधक बनाकर रखा गया था। 27 दिसंबर को उसने किसी तरह भाई को फोन किया। वही उसे वहां से छुड़ा कर लाया।
अमृतसर की घटना
विवाहिता को अगवा कर कई दिनों तक दुष्कर्म किया
अमृतसर. विवाहिता के साथ बलात्कार करने के आरोप में भिंडी सैदां पुलिस ने दो पर केस दर्ज किया है। एक को गिरफ्तार कर लिया जबकि दूसरा फरार है। आरोपियों की पहचान भिंडी सैदां वासी मंजीत सिंह और जसपाल सिंह के रूप में हुई है। भिंडी सैदां वासी पीड़िता ने बताया कि वह मायके आई हुई थी। रात को शौच के लिए उठी तो गांव के ही दोनों आरोपी उसे जबरी बाइक पर बिठा कर ले गए। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ बलात्कार किया। कई दिनों तक आरोपी उसे अपनी हवस का शिकार बनाते रहे। बाद में उसे उसके घर के आगे फेंककर फरार हो गए।
शोक नही चिंतन की आवश्यकता
लक्ष्मीकांता चावला
पूर्व मंत्री पंजाब
अब जब दामिनी इस संसार से चली गई तो उसके लिए शोक प्रकट करने वालों का तांता लग गया है। गृहमंत्री सुशील शिंदे ने तो मृतका के परिवार को हर सहायता का वचन दिया है। यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश भी शोक प्रकट करने वालों में आगे रहे। यद्यपि उन्होंने यह नहीं बताया कि यूपी में कितनी बेटियां ऐसे दुष्कर्म का शिकार हो चुकी हैं और तथाकथित इज्जत बचाने के नाम पर कितनी बेटियों और उनके प्रेमियों को मारा जा चुका है। भाजपा नेता स्मृति ईरानी और श्रीमती सुषमा स्वराज भी इस दुर्घटना से दुखी और आहत हैं, यह हम सबने टीवी चैनलों पर देख-सुन लिया। मेरा प्रश्न इन सब नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं से है कि दामिनी पर अत्याचार न तो देश की पहली घटना है और न ही आखिरी। अपने देश में जिंदा व्यक्ति की आवाज आवाज नहीं होती। जब पटियाला जैसी घटनाएं हो जाती हैं तो लोगों का यह विश्वास और पक्का हो जाता है कि पुलिस के पास जाने का कोई लाभ ही नहीं। कोई सहमत हो या न हो, पर मेरा अनुभव यह बताता है कि समाज और परिवारों का वातावरण ही अस्वस्थ हो गया है जिसके कारण बलात्कार और यौन शोषण जैसी घटनाएं हो रही हैं। महिला अधिकारों की तथाकथित प्रवक्ता संभवत: यह पसंद न करें, पर सच यह है कि लड़कियों को भी शालीनता की सीमा में ही अपना पहनावा चुनना चाहिए। माता-पिता अपने बेटे और बेटियों को घरों में ही संस्कार दें और इससे पूर्व कि बच्चे जीवन पथ पर स्वतंत्रता से चलें उन्हें उचित-अनुचित का विवेक माता-पिता को ही देना होगा। सभ्य परिवार से स्वस्थ और सभ्य समाज बनेगा, पर याद रखना होगा कि कानून बनाने वाले और कानून के रक्षक भी अपने दायित्व से बच नहीं सकते। पुलिस से न्याय न मिलने के कारण कई बेटियों ने जान दे दी और तरनतारन तथा फगवाड़ा की मासूम बेटियों को खून के घूंट पीकर लिखना पड़ गया कि उनके साथ कुछ भी नहीं हुआ। याद रखना होगा कि ये खून के घूंट दूरगामी प्रभाव छोड़ते हैं, छोड़ेंगे भी।
> मुख्यमंत्री परकाश सिंह बादल ने दिल्ली गैंग रेप की शिकार लड़की की मौत पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि इस कांड के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए कानून में आवश्यक बदलाव किया जाए। दोषियों को ऐसी सजा मिले कि कोई और ऐसी हरकत करने की सोच भी न सके।
> कांग्रेस नेता राजिंदर कौर भट्ठल ने कहा कि राज्य में आए दिन महिलाओं पर अत्याचार व उत्पीड़न के मामले बढ़ रहे हैं। ऐसे मामलों को अकाली-भाजपा सरकार रोकने में पूरी तरह नाकाम है।







