विश्व बैंक की टीम पहुंची गडवासू
Source: भास्कर न्यूज | Last Updated 04:59(07/02/12)
लुधियाना. गुरु अंगद देव वेटनरी एंड एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी (गडवासू) में जारी भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के राष्ट्रीय कृषि नवीनीकरण प्रोजेक्ट का निरीक्षण करने के लिए विश्व बैंक की टीम सोमवार को पहुंची।
डॉ. अमृत सैनी इसके प्रोजेक्ट डायरेक्टर हैं। वह इस प्रोजेक्ट को एक्सटेंशन देने की मांग कर रहे हैं। इस एक्सटेंशन से पहले प्रोजेक्ट की पूरी रिपोर्ट जानने के लिए टीम आई थी। टीम की रिपोर्ट के आधार पर ही एक्सटेंशन मिलने की संभावना है। होशियारपुर में पशुधन पर निर्भर उपजीविका सुरक्षा नाम से प्रोजेक्ट शुरू किया गया था। इसका उद्देश्य पशु पालन एवं कृषि कार्यो को बेहतर करके स्थानीय लोगों का आर्थिक स्तर ऊपर उठाना था।
चार करोड़ से अधिक लागत के इस प्रोजेक्ट में पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी, डेयरी विकास विभाग एवं उन्नत कोऑपरेटिव सोसायटी तलवाड़ा भी भागीदार हैं। उन्होंने प्रोजेक्ट में शामिल परिवारों से मुलाकात की और इसका महिला सशक्तिकरण पर प्रभाव भी जाना।इस प्रोजेक्ट के कई पॉजिटिव असर नजर आए हैं। डॉ. सैनी ने उम्मीद जताई कि इस प्रोजेक्ट को आगामी 18 महीने तक एक्सटेंशन मिलने की संभावना है।