युवक ने सिलेंडर को आग लगाई, 3 जख्मी
Source: भास्कर न्यूज | Last Updated 06:06(10/02/12)
छेहर्टा. घरेलू कलह से तंग आकर कोट खालसा इलाके की इंद्र कालोनी निवासी सुनील शर्मा ने वीरवार देर शाम घर में पड़े गैस सिलेंडर को आग लगा दी। सिलेंडर फटने से पूरे घर में आग फैल गई, जिसके चलते सुनील और उसके पिता राजकुमार फैजी व पड़ोसी ठाकुर पूर्ण चंद गंभीर रूप से घायल हो गए।
फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों व आस-पास के लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घायलों को जीएन डीएच में दाखिल कराया गया है। उपचाराधीन फौजी ने बताया कि शाम करीब 6 बजे उनकी बहू मोनिका का अपनी देवरानी विनीता से कमरा खाली करवाने को लेकर विवाद हो गया। इससे गुस्साए अनिल ने रसोई में रखे सिलेंडर को आग लगा दी। सिलेंडर फटने से कमरे की छत व दीवार टूट गई।
वह सुनील को बचाते समय बुरी तरह झुलस गए, जबकि पड़ोसी ठाकुर दोनों को बचाने के चक्कर में छत से गिरकर घायल हो गए। घटनास्थल पर पहुंची एंबुलेंस 108 के कर्मचारियों व फायर ब्रिगेड कर्मियों ने बड़ी हिम्मत दिखाते हुए घायलों को अंदर से निकाला।