एलिवेटेड रोड : न ट्रैफिक से निजात, न कोई फायदा
Source: विपिन कुमार ‘राणा’ | Last Updated 06:05(10/02/12)
अमृतसर. 30 करोड़ की लागत से बनी एलिवेटेड रोड-2 न तो शहरवासियों को ट्रैफिक से निजात दिलवा सका है और न ही इसका कोई उपयोग हो पा रहा है। उलटा इसके निर्माण की वजह से बेहाल हुई सड़कों की भी आज तक किसी ने कोई सुध नहीं ली।
विडंबना यह है कि उचित योजनाबंदी के अभाव में शहर के बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को पता ही नहीं है कि एलिवेटेड रोड-2 श्री दरबार साहिब और भीतरी शहर को जाता है। लोग बस अड्डे, महा सिंह गेट, हालगेट के रास्ते ही श्री दरबार साहिब जाते हैं, जो ट्रैफिक जाम का कारण बन रहा है।
ज्ञात रहे कि पांच सालों के लंबे इंतजार के बाद एलिवेटेड रोड-2 शहरवासियों को मिला था। इससे श्री दरबार साहिब आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा के बड़े-बड़े दावे तो हुए, परंतु सब बेमायने साबित हुए हैं। खास बात यह है कि एलिवेटेड रोड-1 से श्री रामतलाई व श्री दरबार साहिब जाने के लिए उतरने वाले रैंप और सिटी सेंटर से श्री दरबार साहिब को जाने वाले एलिवेटेड रोड-2 में थोड़ा फासला है।
नतीजा श्रीराम तलाई उतरने वाले श्रद्धालु व लोग श्री दरबार साहिब का रास्ता ढूंढने में भटकते-भटकते बस स्टेंड पहुंच जाते हैं। पूरे रास्ते पर कोई रोड इंडिकेटर नहीं लगाया, जिससे पता चल सके कि एलिवेटेड रोड-2 किधर है। इससे श्रद्धालु तो भटकते ही हैं, वहीं उनके शहर के अन्य मार्गो की तरफ बढ़ने से इसकी उपयोगिता खत्म हो गई है । पूरे दिन में शायद ही 50 वाहन होंगे जो इस रोड का फायदा ले पाते होंगे।
टाउन हाल में उतरे रैंप तो बने बात
एलिवेटेड रोड-2 के निर्माण के दौरान भी मांग उठी थी कि रोड को सारागढ़ी पार्किग में उतारने के साथ-साथ उसे टाउन हाल (भरावां दा ढाबा) की तरफ एक्सटेंशन दे दी जाए, ताकि शहर के लोगों को भी इसका लाभ मिल सके। भास्कर भी इस मुद्दे को पहले से ही उठाता रहा है, लेकिन हुक्मरानों ने इसकी तरफ तवज्जो नहीं दी। अब जब रोड बनकर तैयार है, तो इसका कोई फायदा ट्रैफिक के लिहाज से नहीं मिल पा रहा। पूर्व कमिश्नर हुसनलाल ने तो इस रोड को टाउन हाल में बनी दोनों पार्किग में रैंप देने का प्रस्ताव रखा था, लेकिन वह भी परवान नहीं चढ़ सका।
पार्किग का भी उचित उपयोग नहीं
एलिवेटेड रोड-2 से सीधा सारागढ़ी पार्किग को रास्ता तो दे दिया गया है, परंतु इसका लाभ पार्किग के ठेकेदारों को भी नहीं मिल पा रहा है। रोड पर वाहनों के न आने की वजह से आधे से ज्यादा पार्किग हर समय खाली रहती है। इतना ही नहीं उससे नीचे का फ्लोर भी पूरी तरह से खाली पड़ा हुआ है। पार्किग के उपयोग न होने का एक बड़ा कारण यह भी है कि श्री दरबार साहिब दर्शनों को आने वाले श्रद्धालु वहीं से अन्य धार्मिक व पर्यटक स्थलों को निकलना चाहते हैं। इसलिए सारागढ़ी पार्किग के जरिये आने वाले भी जाते वक्त एलिवेटेड रोड-2 का उपयोग करने की बजाय, वहीं से नीचे टाउन हाल उतर जाते हैं और आगे अपने गंतव्य के लिए रवाना हो जाते हैं।
हर विकल्प पर विचार होगा : गुप्ता
निगम कमिश्नर धर्मपाल गुप्ता का कहना है कि एलिवेटेड रोड-2 का निर्माण लोगों को सुविधा देने के लिए ही करवाया गया था। जो कमियां रह गई हैं, उन्हें दूर किया जाएगा। ट्रैफिक इस रोड पर डाइवर्ट हो और अन्य सड़कों को इसका फायदा मिल सके, इस कार्य योजना पर भी काम किया जाएगा।
न रोका और न ही रास्ता बताया
एलिवेटेड रोड-2 सीधे टाउन हाल की सारागढ़ी मल्टीस्टोरी पार्किग में उतरती हैं। पार्किग की व्यवस्था का जायजा लेने भास्कर टीम पहुंची तो ठेकेदारों के करिंदों ने नीचे उतरने से रोक लिया, लेकिन सही रास्ता नहीं बताया। पार्किग की ऊपरी मंजिल से सीधा चौक फव्वारा उतरने वाला रैंप भी ठेकेदार ने बंद कर रखा है।