शहर में दहशत मचाने वाले गिरोह का पर्दाफाश
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 07:36(08/02/12)
अमृतसर. थाना सिविल लाइंस की पुलिस ने महिलाओं को लूटने वाले गिरोह के पांच सदस्य को काबू किया है। उनसे 12 बोर की दो पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस, 500 ग्राम चरस, 12 मोबाइल, एक मोटरसाइकिल, 13 चाकू और 50 ग्राम नशीला पाउडर बरामद हुआ है।
आरोपी शहर में 28 वारदातों को अंजाम दे चुके हैं, जिसमें लगभग सभी महिलाओं से की गईं लूट हैं। यह खुलासा पुलिस कमिश्नर आरपी मित्तल की ओर से प्रेस नोट में किया गया है। उन्होंने बताया कि पांचों लुटेरों के खिलाफ केस दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी गई है। लुटेरों को थाना सिविल लाइंस के प्रभारी इंस्पेक्टर सुखविंदर सिंह ने टीम सहित काबू किया। इन लुटेरों के आतंक से शहर में काफी दहशत थी।
गिरफ्तार आरोपियों में मजीठा रोड के शास्त्री नगर में रहने वाला अमनदीप सिंह उर्फ धोबी, बटाला रोड के सुंदर नगर में रहने वाला साहिल कुमार उर्फ वीरू, मजीठा रोड के नजदीक गोपाल मंदिर में रहने वाला राहुल भट्टी, मजीठा रोड की गोकुल एवेन्यू में रहने वाला हितेश कुमार उर्फ पेठा और मजीठा रोड के भवनी नगर में रहने वाला कुलवंत सिंह उर्फ टोना है। पांचों लुटेरों ने एक गिरोह बनाया हुआ था, जो वाहन चुराकर उन्हें बेचते थे। साथ ही ये लूट-खसूट करने के आदी थे। ये हथियारों के बल पर राह जाती महिलाओं एवं पुरुषों को निशाना बनाते और उनके पर्स, मोबाइल एवं गहने लूट कर ले जाते। शहर में लगातार ऐसी वारदात हो रहीं थी।
रणजीत एवेन्यू गुरुद्वारे के बाद दबोचे गए
इंस्पेक्टर सुखविंदर सिंह ने लुटेरों को उस समय दबोच लिया, जब वह रणजीत एवेन्यू स्थित एक गुरुद्वारे के पास उजाड़ जगह पर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे। मौके पर ही पुलिस ने उनसे हथियार, नशीले पदार्थ एवं बाकी सामान बरामद किए। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि लुटेरों ने की गई वारदातें मान ली हैं। हाल ही में उन्होंने पाश एरिया में नौ वारदातों को अंजाम दिया था जो सभी महिलाओं संग की गई थीं।