भारत-पाक व्यापारः दोनों आईसीपी का आगाज करेंगे आनंद
Source: शिवराज द्रुपद | Last Updated 05:17(06/02/12)
अमृतसर. भारत-पाकिस्तान के मध्य अटारी सड़क से होने वाले कारोबार को और उत्साहित करने के लिए तैयार हो रही दोनों मुल्कों की इंटीग्रेटेड चैक पोस्ट (आईसीपी) का उद्घाटन भारत करेगा। इसके लिए केंद्रीय कामर्स मिनिस्टर आनंद शर्मा को पाक ने विशेष रूप से आमंत्रित किया है। फिलहाल वह फरवरी को अमृतसर पहुंचेंगे और 13 को अटारी सड़क मार्ग से पाकिस्तान रवाना हो जाएंगे और फिर 14 को वापस वतन लौटेंगे।
साझा उद्घाटन
भारत तथा पाकिस्तान दोनों के मध्य अटारी सड़क तथा रेल मार्ग से कारोबार हो रहा है। इसे और प्रफुल्लित करने तथा दूसरे अन्य मुल्कों को इससे जोड़ने के लिए भारत अटारी में तथा पाकिस्तान वाघा में आईसीपी को तैयार कर रहे हैं। इनका काम तकरीबन मुकम्मल हो चुका है। इसका उद्घाटन 13 फरवरी को किया जाना है। जानकारी के मुताबिक इसका उद्घाटन करने के लिए पहले दोनों मुल्कों के प्रधानमंत्रियों को आना था, मगर मामला किन्हीं कारणों से स्थगित हो गया। इसके बाद कामर्स मिनिस्टर को इसके लिए कहा गया।
ट्रेड को लगेंगे पंख
अटारी-वाघा सड़क मार्ग से होने वाले कारोबार को आईसीपी के खुल जाने के बाद पंख लग जाएंगे। अभी तक तो इसके जरिए पाकिस्तान तथा अफगानिस्तान कारोबार कर रहे हैं, मगर आने वाले दिनों में समग्र एशिया क्षेत्र के लिए यह आकर्षण का केंद्र बनेगा। हमारी आईसीपी की क्षमता 1500 ट्रकों की है और सरहद पार भी इसी के करीब मानी जा रही है। दोनों मुल्कों की सरकारें आपसी कारोबार को अगले तीन सालों में 6 बिलियन डालर तक ले जाने की इच्छुक हैं। फोरम के भारतीय नुमाइंदे जतिन देसाई की मानें तो इसे दस बिलियन डालर तक ले जाया जा सकता है।
पांच गुना इजाफे का अनुमान
फेडरेशन ऑफ करियाना एंड ड्राईफ्रूट कॉमर्शियल एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल मेहरा कहते हैं कि आईसीपी के खुल जाने से कारोबार में पांच गुना तक इजाफा होगा। वह कहते हैं कि यह रूट अन्य रूटों से किराए के मामले में सात गुना सस्ता है।
कस्टम अधिकारियों के अनुसार इसके खुल जाने से अकेले भारत में कम से कम पांच लाख लोगों को परोक्ष-उपरोक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। इस साल कस्टम ने डच्यूटी के रूप में 56 करोड़ रुपए कमाए थे और आईसीपी के खुल जाने पर इसमें भी पांच गुना तक इजाफा होगा।
भारत से विशेष आग्रह
पाकिस्तान ने भारत से इस दौरान विशेष रूप से आग्रह किया कि दोनों ही आईसीपी का उद्घाटन वही करें। पाक के आग्रह को परवान चढ़ाते हुए भारत ने इसकी स्वीकृति दे दी है। सरहद पार जाकर वह एक ही स्थान (जीरो लाइन) से फीता काटने की रस्म अदा करेंगे। दोनों मुल्कों के इतिहास में पहली बार ऐसा होगा, जब एक भारत का मंत्री दोनों के किसी प्रोजेक्ट का उद्घाटन करेगा। हालांकि पहले ट्रायल के रूप में 10-20 ट्रकों का आवागमन होगा, इसके बाद इसमें इजाफा किया जाएगा।