अमृतसर में लुटेरा गिरोह का सरगना लल्ला गिरफ्तार
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 07:47(08/02/12)
अमृतसर. केंटोनमेंट थाने की पुलिस ने हाल ही में गिरफ्तार ‘ऑटो वाले’ लुटेरा गिरोह के सरगना सूरज उर्फ लल्ला को गिरफ्तार कर लिया है। आठ सदस्यीय गिरोह के बाकी बचे दो सदस्य ग्वाल मंडी में रहने वाला अमन और पुतलीघर का रिक्की उर्फ चूही अब भी फरार हैं।
उल्लेखनीय है कि गिरोह के अन्य पांच सदस्यों ग्वालमंडी में रहने वाले दीपक उर्फ दीपू, रेलवे कालोनी के ए ब्लॉक में रहने वाले कुलविंदर सिंह उर्फ दीपू, रामतीर्थ रोड के सुशील कुमार उर्फ सन्नी, पुतलीघर के हरमीत उर्फ बिट्टू और ग्वाल मंडी के सुशील कुमार उर्फ शीला को पुलिस पहले की गिरफ्तार कर चुकी है।
थाना केंटोनमेंट के प्रभारी इंस्पेक्टर दिनेश सिंह ने बताया कि लुटेरों से हथियार एवं नशीले पदार्थ बरामद हुए थे। पुलिस की आशंका ठीक थी कि लल्ला जगह बदल कर रह रहा है। वह इस समय पुतलीघर के गुरु अर्जुन देव नगर रह रहा था, जबकि पुलिस को प्राथमिक जानकारी में उसके रामतीर्थ रोड रहने का पता चला था। लुटेरों ने कई सवारियों को ऑटो पर श्री दरबार साहिब और बस स्टैंड छोड़ने के बहाने लूट लिया था।