गुंडागर्दी से रोकने पर दागी गोली
Source: भास्कर न्यूज | Last Updated 05:30(07/02/12)
अमृतसर. पुतलीघर में सोमवार शाम पीपली साहिब गुरुद्वारा के नजदीक रहने वाले एक गैंगस्टर ने उसे गुंडागर्दी करने से रोकने वाले व्यक्ति पर साथियों संग हमला बोल दिया। हमलावरों ने उन्हें रोकने वाले दिलप्रीत सिंह पर गोलियां दाग दीं, लेकिन निशाना चूकने से एक गोली गली में खड़े निदरेष जसविंदर को जा लगी।
गोली दीवार में टकराने के बाद उनके माथे पर लगी, जिससे वे जख्मी हो गए हैं। घटना के तुरंत बाद बाजार में दहशत का माहौल बन गया। मुख्य हमलावर, एक्सिस बैंक की माल रोड शाखा में गार्ड की हत्या कर लूट को अंजाम देने के आरोपी चुन्नी उर्फ सन्नी का साला है।
थाना केंटोनमेंट की पुलिस ने आरोपी निंदी सहित दर्जन भर लोगों के खिलाफ आर्म्स एक्ट एवं हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है। सभी आरोपी फरार हैं। बताया जा रहा है कि निंदी पर पहले भी मामला दर्ज है। घटना के तुरंत बाद पुलिस कमिश्नर आरपी मित्तल के अलावा थाना केंटोनमेंट के प्रभारी दिनेश सिंह और एएसआई दिलबाग सिंह मौके पर पहुंच गए थे।
झाड़ता था जीजा की धौंस
जानकारी के अनुसार निंदी अपने जीजा की धौंस झाड़ते हुए मोहल्ले में गुंडागर्दी करता रहता था। सोमवार शाम को मोहल्ले में रहने वाले दिलप्रीत सिंह ने उसे ऐसा करने से रोका तो वह मारपीट पर उतारू हो गया। लोगों के बीच पड़ने पर उस समय तो निंदी वहां से चला गया, लेकिन करीब 15 मिनट बाद दर्जन भर साथियों संग फिर वहीं आ धमका।
हमलावरों हाथों में पिस्तौलें थीं, जिसका पता चलते ही दिलप्रीत भाग कर एक मकान में छिपने लगा। इतने में निंदी की ओर से हमलावरों ने उस पर गोलियां दाग दीं। निशाना चूकने के कारण एक गोली दीवार में जा टकराई और वापसी वक्त गली में खड़े जसविंदर सेठी को जा लगी। सेठी का कहना है कि लड़ाई से उनका कोई संबंध नहीं है, वे सिर्फ शोर सुनकर गली में पहुंचे थे। इतने में दिलप्रीत मकान में छिप गया। गोलियां की आवाज सुन आसपास के लोग इकट्ठे होने लगे तो हमलावर हथियारों सहित फरार हो गए।