लुधियाना. दो अज्ञात बंदूकधारियों ने न्यू भाई रणधीर सिंह नगर में खेतों में घुस कर गोलियां दागनी शुरू कर दीं। गोली लगने से खेतों में मौजूद जमींदार का वृद्ध कर्मी घायल हो गया है। उसे सीएमसी में भर्ती कराया है। सराभा नगर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जमींदार ने इसे जमीनी विवाद बताया है। उसने अपने ही रिश्तेदारों पर शक जाहिर किया है। घायल वृद्ध का नाम सोहन सिंह (70) है। वह सुनेत गांव निवासी जमींदार बलदेव सिंह के न्यू भाई रणधीर सिंह नगर स्थित खेतों में काम करता है और रात के वक्त वहीं रहता है। उसके साथ दो अन्य कर्मचारी भी खेतों में काम करते हैं।
बलदेव ने पुलिस को बताया कि आधी रात के वक्त दो अज्ञात बंदूकधारी खेतों में घुसे और गोलियां दागनी शुरू कर दीं। शोर सुनकर सोहन सिंह खेतों में बने कमरे से बाहर निकला तो बंदूकधारियों की ओर से दागी गोली उसकी टांग में जा धंसी। इसी बीच खेतों में काम करने वाले दो अन्य कर्मचारी भी वहां आ गए। तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।
कर्मचारियों ने रात को ही वारदात की सूचना उन्हें दी। वह घायल सोहन सिंह को सीएमसी अस्पताल ले गए और पुलिस को सूचना दी। बलदेव सिंह के अनुसार उसका अपने ही रिश्तेदारों के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है।
मामला संदिग्ध लग रहा है। पुलिस एफआईआर दर्ज करने से पहले जांच पड़ताल कर लेना चाहती है। सोहन सिंह अभी बयान देने की हालत में नहीं है।