अपना घर : चंडीगढ़ के होटलों में बनाई पोर्न फिल्में
चंडीगढ़. रोहतक स्थित शेल्टर होम 'अपना घर' की महिलाओं की पोर्न फिल्में भी बनी हैं। इसके लिए उन्हें पिकनिक के बहाने चंडीगढ़ लाकर दो होटलों में ठहराया गया था। होटलों के स्वीमिंग पूल में नहाने को मजबूर किया गया और उनके साथ अश्लील हरकतें करते हुए वीडियो फिल्में बनाई गईं। शूटिंग के दौरान जबरन उनके कपड़े उतरवाए गए। ये सभी बातें पीडि़त महिलाओं ने हाईकोर्ट द्वारा गठित कमेटी को बताई थीं, जो हाईकोर्ट में रख दी गई हैं। सिर्फ चंडीगढ़ ही नहीं, हरिद्वार के एक होटल में भी इसी तरह ब्लू फिल्म शूट की गई।
सीबीआई ने जुटाने शुरू किए तथ्य : सीबीआई जांच की सिफारिश होते ही सीबीआई ने अनाधिकारिक तौर पर शेल्टर होम में महिलाओं को बच्चों के यौन शोषण के तथ्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। चंडीगढ़ के उस होटल की भी पहचान की जा चुकी है, जहां इन लड़कियों को ठहराए जाने की बात सामने आई है। सीबीआई किसी भी समय पीडि़त लड़कियों को चंडीगढ़ लाकर होटल की पहचान करा सकती है।
इंटेलिजेंस ले गई होटलों से सीसीटीवी फुटेज :सूत्रों के अनुसार, हरियाणा की एक इंटेलिजेंस एजेंसी चंडीगढ़ के चार होटलों और डेराबस्सी के एक रिसार्ट से सीसीटीवी फुटेज ले जा चुकी है। लड़कियों के बयानों के आधार पर जांच की जा रही है। उन तस्वीरों को हासिल करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे पुष्टि हो सके कि लड़कियां यहां लाई गई थीं। इधर, चंडीगढ़ के एक व्यक्ति पर सीबीआई की कड़ी नजर है। एजेंसी को शक है कि उसने उन लोगों को हेरोइन उपलब्ध कराई, जो इन लड़कियों के साथ होटल में ठहरे थे या उनकी अश्लील फिल्म बना रहे थे। सीबीआई सूत्रों के अनुसार, बहुत जल्द इस मामले में कार्रवाई हो सकती है।






