श्रीराम तीर्थ में फोर्स की मौजूदगी में कारसेवा
Source: भास्कर न्यूज | Last Updated 03:09(02/02/12)
छेहर्टा. श्रीराम तीर्थ सरोवर में बुधवार को भगवान वाल्मीकि आश्रम धुन्ना साहिब ट्रस्ट की ओर से भारी पुलिस फोर्स व प्रशासन की मौजूदगी में कारसेवा शुरू की गई। सरोवर में महर्षि वाल्मीकि जी का मंदिर बनाया जाना है। प्रभु ऋषि नाथ रत्नाकर व संत मलकीयत नाथ ने पूजा अर्चना कर कारसेवा शुरू करवाई। भारी संख्या में पहुंची संगत ने कारसेवा में भाग लिया।
प्रशासन ने बख्तरबंद गाड़ियां, गुंडा स्क्वॉयड, पानी की बौछार और आंसू गैस के साथ-साथ हालात से निपटने के लिए सभी प्रबंध कर रखे थे। पुलिस फोर्स सुबह से ही श्रीराम तीर्थ परिसर में तैनात थी ताकि कोई विवाद न होने पाए। ट्रस्ट के चेयरमैन ओम प्रकाश गब्बर तथा महासचिव रोशन सभ्रवाल, महंत निर्मल नाथ, सुभाष सोंधी तथा गुरु माई मीना की अगुवाई में कारसेवा के दौरान संगत ने सरोवर की मिट्टी बाल्टों में भरकर नीचे उतरने का रास्ता बनाया ताकि मशीनों को सरोवर में उतारा जा सके। इस अवसर पर एसडीएम अजनाला नरिंदर पाल सिंह, डीएसपी कृपाल सिंह, संजय खोसला, बाऊ लाल, अजय चौहान, कुलवंत भंडारी, टहल सिंह, तरसेम कुमार, मदनलाल, सुखविंदर सिंह आदि उपस्थित थे।
दोनों तरफ पुल बनेगा : गब्बर
धुन्ना साहिब ट्रस्ट के चेयरमैन ओमप्रकाश गब्बर ने कहा कि सरोवर में बनने वाले मंदिर पर कुल नौ करोड़ खर्च होगा। साठ बाय साठ फुट चौड़े और 54 फुट ऊंचे मंदिर में चांदी के चार दरवाजे लगाए जाएंगे। दोनों तरफ पुल बनाया जाएगा, जिससे संगत आ जा सकेगी। मंदिर में भगवान वाल्मीकि जी की संगमरमर की मूर्ति स्थापित की जाएगी।
प्रशासन से अदालत में मांगेंगे जवाब : महंत
उधर, महंत बलदेव गिरि, महंत कुलदीप दास, महंत अमरदास, जगतार दास, मनजीत दास ने कहा कि वह माननीय न्यायालय के आदेश का पालन कर रहे हैं। उनके पास एक महीने का स्टे था, जबकि तीन महीने की इसकी समय सीमा होती है। प्रशासन खुद कोर्ट के आदेशों की परवाह न कर सेवा करवा रहा है। इसका जवाब प्रशासन से न्यायालय में मांगा जाएगा।