राज्यदिल्ली
मध्य प्रदेश
राजस्थान
छत्तीसगढ़
हिमाचल
पंजाब
हरियाणा
चंडीगढ़
उत्तर प्रदेश
बिहार
झारखंड
महाराष्ट्र
गुजरात
जम्मू-कश्मीर
कबड्डी को ओलिंपिक तक ले जाएंगे: सुखबीर
भास्कर न्यूज
| Dec 01, 2012, 05:26AM IST

बठिंडा। राज्य सरकार का लक्ष्य कबड्डी को ओलिंपिक तक ले जाने का है। पंजाब से तीन साल पहले शुरू हुए कबड्डी अभियान को विश्व के 25 देशों तक पहुंचाया जा चुका है। अब वहां पर पंजाबी ही नहीं, बल्कि अंग्रेज भी कबड्डी खेलने लगे हैं।
यह बात शुक्रवार को डिप्टी सीएम सुखबीर बादल ने बठिंडा में पत्रकार सम्मेलन के दौरान कही। उन्होंने कहा कि पहली बार यह हुआ है कि ओलिंपिक कमेटी ने प्रदेश सरकार को कबड्डी विश्वकप के लिए प्रशंसा पत्र भेजा है, जिससे उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही कबड्डी ओलिंपिक में शामिल होगी।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री व पंजाब कबड्डी एसोसिएशन के प्रधान सिकंदर सिंह मलूका और मुख्य संसदीय सचिव सरूप चंद सिंगला भी उपस्थित थे।
प्राइमरी से खेल जरूरी
डिप्टी सीएम ने कहा कि खेलों को प्रमोट करने के इरादे से राज्य सरकार ने पंजाब में 6 हॉकी एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम बनाए हैं, जबकि पूरे देश में मात्र 13 हैं। अगले पड़ाव में स्कूलों में प्राइमरी शिक्षा में ही खेल जरूरी किए जाएंगे। इसमें खेलों के अंकों की भी मार्किग होगी।
पत्रकारों के सवालों पर भड़के डिप्टी सीएम
सुखबीर बादल से जब कबड्डी संबंधी पूर्व में की गईं घोषणाओं के पूरा न होने के बारे में पूछा गया तो वह स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए। दूसरे विश्वकप कबड्डी के विजेताओं में से 8 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी न मिलने के बारे में उन्होंने कहा कि उनकी क्वालीफिकेशन कम थी, मगर सरकार एक माह के भीतर इस मामले को सुलझा लेगी।
डिप्टी सीएम से पूछा गया कि ईरान में हुए कबड्डी एशिया कप में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचने पर विजेताओं को 25 लाख रुपए का पुरस्कार देने की घोषणा करने के बावजूद आज तक उन्हें पुरस्कार राशि क्यों नहीं मिली? इस पर डिप्टी सीएम भड़क उठे।
उन्होंने सवाल पूछने वाले पत्रकार से ही सवाल करने शुरू कर दिए कि उन्हें यह जानकारी किसने दी। इसके साथ ही पत्रकार को अपना सवाल जांचने की नसीहत भी दे डाली।
मगर जब पत्रकार ने पास बैठे सिकंदर सिंह मलूका की तरफ से जल्द इनाम राशि बांटने का बयान देने की बात की तो डिप्टी सीएम को पता चला कि पुरस्कार राशि अभी तक नहीं बंटी। इस पर उन्होंने जल्द यह राशि बंटवाने की बात की।
महिला खिलाड़ियों का ऑटो में जाना कांग्रेस का प्लान हो सकता है
लुधियाना में दूसरे विश्वकप विजेता महिला टीम को विश्वकप थ्री व्हीलर में ले जाने की अव्यवस्था के बारे में पूछने पर डिप्टी सीएम फिर भड़क गए। इस पर मलूका ने कहा कि जिस होटल में महिला कबड्डी खिलाड़ी ठहरी थीं वह कांग्रेसी नेता का था, हो सकता है यह घटनाक्रम उन्होंने प्लान किया हो।






