छापामारी के विरोध में इंडस्ट्रलिस्ट व ट्रेडर्स करेंगे आंदोलन
Source: bhaskar.com | Last Updated 02:21(13/07/11)
लुधियाना . सेल्स टैक्स विभाग द्वारा की जा रही छापेमारी के विरोध में इंडस्ट्री एवं ट्रेड एकजुट होने लग गए है। ट्रेड एंड इंडस्ट्रीयल एसोसिएशन ने मंगलवार को एक मीटिंग करके ऐलान किया कि सेल्स टैक्स विभाग द्वारा उद्यमियों एवं व्यापारियों पर की जा रही अकारण छापेमारी के विरोध में समूची इंडस्ट्री एवं ट्रेड आंदोलन छेड़ देगी तथा अधिकारियों की कार्यप्रणाली के खिलाफ 14 जुलाई को नई साइकिल मार्केट ओवरलाक रोड पर भूखहड़ताल शुरू कर दी जाएगी। इसके साथ ही कारोबार बंद करके विभाग की छापेमारियों का विरोध किया जाएगा तथा रोष रैली की जाएगी।
इंडस्ट्री एवं ट्रेड की संयुक्त मीटिंग के बाद पत्रकारों को जानकारी देते हुए कनवीनर नरिंदर भमरा, आल इंडिया इंडक्शन फर्नेस एसोसिएशन के प्रधान केके गर्ग, फोपसिया के महासचिव राजकुमार, फास्टनर सप्लायर्स एसोसिएशन के इकबाल सिंह कथूरिया, बंदिश ङ्क्षजदल, लुधियाना मैन्यूफैक्चर्स एवं ट्र्रेडस एसोसिएशन के प्रधान प्रकाश सिंह मठाडू, हरीप कपिला, केएस माहल, चरणजीत सिंह शाल क्लब, विनोद थापर, हरीपर केयरपाल निटवियर क्लब, गुरवंत सिंह स्माल स्केल एसोसिएशन, विनोद भारत यार्न डीलर एसोसिएशन, विधि चंद अग्रवाल, लाभ कुमार कंसल, गुरशरण सिंह प्रधान जांलधर चैंबर आफ इंडस्ट्री, देव गुप्ता, जगदीश मोंगा आदि उद्यमी एवं व्यापारी नेताओं ने एक सुर में सेल्स टैक्स विभाग द्वारा हाल ही में की गई छापेमारी की कड़े शब्दों में निंदा की।
साथ ही राज्य सरकार व ट्रेड बोर्ड की भी आलोचना करते हुए इंडस्ट्री एवं ट्रेड की मौजूदा हालत के लिए इन्हें जिम्मेदार ठहराया तथा इनके चेयरमैन के बायकाट का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री को विशेष उद्देश्यों से कुछ अधिकारियों द्वारा परेशान किया जा रहा है। इस समय ऐलान किया गया कि रेड करने आने वाले अधिकारियों का सामना करने के लिए लाठी ब्रिगेड तैयार की गई है।
जो इन अधिकारियों को भगाएगी। यह भी निर्णय किया गया कि वैट 23 व 24 फार्म को इंडस्ट्री व ट्रेड नहीं भरेगी तथा यदि सरकार ने इसके लिए बाधित किया तो पंजाब भर के यूनिट बंद करके कारोबार ठप कर दिया जाएगा। उन्होंने सरकार से तुरंत इस फार्म को वापस लेने की मांग की।