63 की आयु में पहली बार डाला वोट
Source: भास्कर न्यूज | Last Updated 02:17(31/01/12)
जालंधर. रिटायर्ड एयर मार्शल एसएस होठी। आज का दिन उनके लिए खास था। 63 साल की उम्र हो गई मगर वोट पहली मर्तबा डाल रहे थे। नौकरी में रहते हमेशा शहर से बाहर रहे। वोट तो बना था मगर मौका ही नहीं मिला। सोमवार को रंजीत नगर स्थित बूथ संख्या 100 पर पत्नी जसविंदर कौर होठी के साथ आए और वोट डाला। बोले, डिफेंस की नौकरी में रहने के कारण कभी वोट डालने का मौका ही नहीं मिला।
सेना के जवानों व अधिकारियों की वोट तो बन जाती है, लेकिन जब भी चुनाव होते हैं तो जवान अपने घर से दूर होते हैं। इस कारण उन्हें वोट डालने का मौका नहीं मिल मिलता। इनके पिता पुरन सिंह होठी भी सेना में मेजर थे। एसएस होठी तीन भाई हैं और तीनों सेना की अलग-अलग विंग में। बड़े भाई दविंदर सिंह नौसेना में, छोटे भाई इंद्रजीत सिंह आर्मी में और खुद एसएस होठी वायुसेना में।