अजमेर.थानों से मंथली उगाही के मामले में निलंबित एसपी राजेश मीणा और एएसपी लोकेश सोनवाल के नेतृत्व में थाना प्रभारियों के नेटवर्क का खुलासा होने के बाद अब पुलिस और अपराधियों की सांठगांठ के मामले सामने आने लगे हैं।
चौंकाने वाला तथ्य यह सामने आया है कि डेढ़ महीने पहले क्लाक टावर थाना पुलिस के माध्यम से कुख्यात सटोरिए ने सोनवाल को करीब 55 हजार रुपए कीमत का एप्पल मोबाइल फोन सेट बतौर गिफ्ट दिया था। इसके एवज में थाना क्षेत्र में जुए-सट्टे के ठिकाने आबाद थे।
निलंबित एएसपी सोनवाल के लिए थाना पुलिस ने इलाके के एक शराब व्यवसायी से मोबाइल फोन खरीदने को कहा था, शराब व्यवसायी ने महंगा फोन खरीद कर देने में असमर्थता जाहिर की, तो पुलिस ने इलाके के कुख्यात सटोरिए से एप्पल फोन सोनवाल को दिलाया।
इसलिए आबाद थी सट्टे-जुए की फड़
क्लाक टावर थाना क्षेत्र में केसरगंज, रावण की बगीची, इलाके में नाथू लौहार, पीर रोड शीशा खान इलाके में कुख्यात सटोरिया शन्नू बेग और अन्य जगहों पर जुए और सट्टे की फड़ आबाद थी। निलंबित एसपी और एएसपी व थाना प्रभारियों के घूसखोरी नेटवर्क का खुलासा एसीबी की ओर से किए जाने के बाद जुए-सट्टे के ठिकानों को पुलिस ने बंद करवा दिया है।
बिचौलिए ठठेरा को आज पेश करेगी एसीबी
थानों से वसूली लेने के आरोप में हत्थे चढ़े बिचौलिए रामदेव ठठेरा को एंटी करप्शन ब्यूरो सोमवार को भ्रष्टाचार निरोधक मामलात की विशेष अदालत में पेश करेगी। ठठेरा का तीन दिन का रिमांड सोमवार को पूरा हो रहा है। विशिष्ट न्यायाधीश अजय शारदा ने पूर्व पेशी पर रिमांड देने के साथ ही यह भी स्पष्ट निर्देश दिए थे कि एसीबी मुल्जिम को दोपहर 12 बजे तक पेश कर दे। एसीबी ने ठठेरा के कब्जे से एक डायरी बरामद होने की बात कहते हुए रिमांड मांगा था, ताकि प्रकरण से जुड़े अन्य आरोपियों के संबंध में पुख्ता जानकारी प्राप्त की जा सके।
आगे की स्लाइड्स में पढ़िए:
एसीबी ने लिखा पत्र: निलंबित एएसपी को पेश करे पुलिस
भ्रष्ट SP ने घर से मंगाए कंबल, थाने का खाना भी नहीं खाया