राज्यदिल्ली
मध्य प्रदेश
राजस्थान
छत्तीसगढ़
हिमाचल
पंजाब
हरियाणा
चंडीगढ़
उत्तर प्रदेश
बिहार
झारखंड
महाराष्ट्र
गुजरात
जम्मू-कश्मीर
4 गुड न्यूज: सड़क से लेकर घर तक राहत
Bhaskar News
| Dec 12, 2012, 05:12AM IST

सुधारेंगे शहर की सड़कें
जयपुर.जेडीए बुधवार से एक माह तक अभियान चलाकर शहर की सड़कों को प्रवासी भारतीय सम्मेलन की तर्ज पर चमकाएगा। जेएलएन मार्ग को मॉडल रोड मानते हुए इसे तथा दूसरी सभी सड़कों को रोड इंजीनियरिंग की खामियों से मुक्त किया जाएगा। अभियान के दौरान सुबह-शाम मॉनिटरिंग की जाएगी।
रोड पर जेब्रा क्रॉसिंग, रिफ्लेक्टर, कैटआई, डिवाइडर, रोड कट जैसी कोई खामी या खराब लाइट, मिट्टी, मलबा, झाड़ी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ये निर्देश जेडीए कमिश्नर कुलदीप रांका ने मंगलवार को सड़क सुधार संबंधी बैठक में दिए। रांका ने अभियंताओं को सड़क सुधार के ज्यादातर काम रात में पूरे करवाने को कहा। उन्होंने कहा कि खंभों पर रंगरोगन, रोड लाइनिंग, फुटपाथ, कर्व स्टोन जैसे काम रात में पूरे कराए जाएं।
सबसे पहले मुख्य मार्गो, बाहरी क्षेत्र की सड़कों और प्रवेश मार्गो को सुधारने के निर्देश दिए गए। प्रति दिन किन-किन सड़कों का काम किया गया, इसकी कार्य के साथ सूची रोजाना सचिव जेडीए को पेश करनी होगी। सचिव बिष्णुचरण मल्लिक और टीम रोज निरीक्षण करेगी।
दस्तकारों को सस्ते मकान
जयपुर में आगरा रोड पर बनने वाली दस्तकार नगर आवासीय योजना में सरकार दस्तकारों को प्रति मकान 2.50 लाख रुपए की सब्सिडी देगी, जबकि 50,000 रुपए सफल आवंटी को देने होंगे। बाकी राशि बैंकों से ऋण के रूप में दिलाई जाएगी। इस योजना में नीचे दुकान और ऊपर मकान बनाकर दिया जाएगा। इसकी लागत 10 लाख रुपए आने की संभावना है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने नगरीय विकास विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।
नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल की अध्यक्षता में पिछले दिनों हुई बैठक में इस योजना के पहले चरण में 750 मकान बनाने का फैसला किया गया था। नायला में बन रही दस्तकार योजना में कम्युनिटी सेंटर, स्कूल आदि सुविधाओं के साथ ही आरक्षित भूमि में से 60 प्रतिशत भूमि योजना के विकास के लिए आवास विकास संस्थान अथवा हाउसिंग बोर्ड को दी जाएगी।
योजना के आंतरिक विकास के लिए करीब 20 करोड़ रुपए भी आवंटियों से ही लिए जाएंगे। यह राशि प्रत्येक आवास की लागत में जोड़ी जाएगी। इसके लिए आवास विकास संस्था अथवा राजस्थान आवासन मंडल को कार्यकारी एजेंसी बनाया जाएगा।
पांच साल का ब्याज भी सरकार चुकाएगी : दस्तकारों को मकान उपलब्ध कराने के लिए सरकार हुडको से 15-20 साल के लिए ऋण लेगी। इसमें पहले दो साल पीरियड रहेगा। पहले 5 साल का ब्याज राज्य सरकार देगी, जबकि मोरेटोरियम पीरियड के बाद किस्त की पूरी राशि को ही वहन करनी होगी।
उड्डयन शाखा में 6 नए पद मंजूर :
सामान्य प्रशासन विभाग में नागरिक उड्डयन शाखा के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 6 नए पदों को मंजूरी दी है। ये पद सहायक शासन सचिव, सहायक अनुभागाधिकारी, वरिष्ठ लिपिक, कनिष्ठ लिपिक और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के हैं।
सिपाहियों की भर्ती के लिए 354 लाख रुपए : प्रदेश में हो रही 10,000 सिपाहियों की भर्ती के लिए मुख्यमंत्री ने 354 लाख रुपए का बजट मंजूर किया। इसी तरह बनास एवं लूनी नदी कार्य योजना के लिए 469 लाख और सहरिया परिवारों के लिए नशा मुक्ति कार्यक्रम के तहत 2 करोड़ 41 लाख रुपए मंजूर किए गए।
बिल की अंतिम तारीख बढ़ी
बिजली बिलों में गलतियों की भरमार व खराब मीटर से गलत रीडिंग आने के विरोध में मंगलवार को पुरानी बस्ती के उपभोक्ताओं ने श्रीजी की मोरी सबडिवीजन पर चार घंटे धरना दिया। इसके बाद एईएन ने लोगों की मांग पर विवादित बिलों की अंतिम तारीख बढ़ा दी तथा बिलों व मीटर की जांच कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद ही नाराज लोग धरना समाप्त कर वहां से हटे।
अब 13 दिसंबर को जमा होने वाले बिलों की अंतिम तारीख 17 दिसंबर तक बढ़ाई गई है। शहर में पुरानी बस्ती, बगरू वालों का रास्ता, जयलाल मुंशी का रास्ता, जाट के कुएं का रास्ता सहित अन्य इलाकों में बिजली के बिलों में लगातार आ रही गलतियों व यूजर चार्ज (सफाई टैक्स) जोड़ने पर लोगों में रोष है। इसको लेकर भाजपा शहर मंत्री विजय शर्मा व स्थानीय लोगों ने एईएन कार्यालय पर धरना दिया और बिल सही करने की मांग की थी।
जयपुर डिस्कॉम के श्रीजी की मोरी उपखंड के एईएन ए.के. मेहरा ने बताया कि लोगों की मांग पर बिल जमा कराने की अंतिम तारीख 13 दिसंबर से बढ़ाकर 17 दिसंबर की गई। शिकायत वाले बिलों की जांच कराई जा रही है।
सरस टेट्रा पैक दूध और कुल्हड़ लस्सी आज से
शहरवासियों को सरस दूध अल्ट्रा हीट ट्रीटमेंट (टेट्रा पैक दूध) और कुल्हड़ लस्सी बुधवार से मिलेगी। डेयरी मंत्री बाबूलाल नागर इसकी शुरुआत शाम 5.30 बजे जेएलएन मार्ग पर सरस पार्लर पर करेंगे। शुरुआत में जयपुर डेयरी टेट्रा पैकिंग में डबल टोंड दूध आधा लीटर में सप्लाई करेगी। इसकी रेट 32 रुपए प्रति लीटर है।
इस दूध की खासियत है कि यह फ्रिज में नहीं रखने के बाद भी चार माह तक खराब नहीं होगा। इसी तरह डेयरी की कुल्हड़ लस्सी भी लॉन्च होगी। यह शुरू में सरस पार्लर पर ही मिलेगी। 200 एमएल कुल्हड़ लस्सी की रेट 20 रुपए होगी। वर्तमान में डेयरी 250 एमएल पैकिंग में 9 रुपए में लस्सी सप्लाई कर रही है। इसके अतिरिक्त डेयरी 400 ग्राम पैकिंग में दही शुरू करने जा रही है। इसकी रेट 22 रुपए होगी।






