राजनाथ सिंह की अगुवानी कर लौट रहा था वसुंधरा का काफिला, मालवीय नगर पुलिया पर दुर्घटना, झोटवाड़ा विधायक राजपाल सिंह के दो दांत टूटे
जयपुर.जेएलएन मार्ग पर बुधवार शाम 7 बजे के लगभग भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वसुंधरा राजे सहित छह भाजपा नेताओं की गाड़ियां एक के बाद एक आपस में भिड़ गईं हालांकि दुर्घटना में सभी बाल-बाल बच गए।
भिड़ंत से झोटवाड़ा विधायक राजपाल सिंह के मामूली चोट लगी है। उनके सामने के दो दांत टूट गए। वहीं विधायक राधेश्याम गंगानगर की गाड़ी में आग लग गई, जिससे गाड़ी में मौजूद कार्यकर्ताओं ने उतरकर आग बुझाई। गाड़ियों की भिड़ंत से जाम लग गया। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त गाड़ियों को हटाया।