तेज बहाव ने बहती गई कार, भारी भरकम ट्रक में रोकने में रहा नाकाम

जयपुर.घाट की गूणी में मंगलवार रात को पानी के तेज बहाव में कार बह गई। कार में सवार दंपती की मौत हो गई। दोनों जेके लोन अस्पताल में भर्ती अपनी दो माह की बेटी के पास आ रहे थे। रात 12 बजे बही कार करीब ढाई बजे 200 मीटर आगे जाकर मिली। कार को बहती देख ट्रक चालक ने ट्रक को कार के आगे लगाया और रोका। कार का गेट खोलकर दोनों के शव निकाले।
मृतक राममोहन नाटाणी (32) तथा पूजा नाटाणी (29) आगरा रोड स्थित कानजी नगर के रहने वाले थे।
राममोहन मिश्रराजाजी के रास्ते में ज्वैलरी का काम करते थे। गत दिनों उनकी दो माह की बेटी की तबियत खराब होने पर जेके लोन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार रात करीब साढ़े 11 बजे दोनों कार से जेके लोन अस्पताल जा रहे थे। देर रात हुई भारी बारिश से घाट की गूणी में पानी का बहाव तेज हो गया और कार पुलिस चेक पोस्ट के पास पलट गई।
कई पलटी खाती हुई कार चेक पोस्ट के पास से बहती हुई करीब दौ सो मीटर दूर पहुंच गई। कार को बहते देख सामने से आ रहे ट्रक चालक ने कार के आगे ट्रक लगाया और कार को रोका। इसके बाद आसपास के ट्रक चालकों ने मिलकर राममोहन को बाहर निकाला। तब तक पुलिस भी आ गई।
लोगों ने दंपती को कार से निकाल कर सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया। जहां दोनों की मौत हो गई। इधर, दंपती के अस्पताल में नहीं पहुंचने पर परिजनों ने तलाश किया तब परिजनों को घटना का पता चला। पानी के बहाव को देखते हुए पुलिस ने रात करीब 12 बजे से ट्रांसपोर्ट नगर से घाट की गूणी की ओर जाने वाले वाहनों को रोक दिया था। इन वाहन चालकों को सुबह चार बजे बाद जब पानी का स्तर कम हो गया तब ही घाट की गूणी में जाने दिया।
पर्यटक भी फंसे तेज बहाव में
गोनेर रोड पर होटल राजविलास जा रहे विदेशी पर्यटक पानी के तेज बहाव में फंस गए। दंपती पर्यटक और उनके दोनों बेटे 3 घंटे तक घाट की गुणी चेक पोस्ट में बैठे रहे।
पुलिसकर्मी रातभर रोकते रहे वाहनों को
ट्रांसपोर्ट नगर से घाट की गूणी में जाने वाले वाहन चालकों को पुलिसकर्मी रात भर रोकते रहे। इस दौरान खुद पुलिस जवान भीगते रहे। कई वाहन चालक तो पानी के तेज बहाव में जाने के लिए पुलिस से भी उलझे लेकिन अधिकारियों ने समझाकर पानी कम होने पर ही जाने की बात कही।








