बिजली कंपनी की कॉमर्शियल असिस्टेंट परीक्षा के प्रवेश-पत्र जारी

जयपुर. प्रदेश के तीनों विद्युत वितरण निगमों में कॉमर्शियल असिस्टेंट प्रथम व द्वितीय के 223 पदों पर भर्ती के लिए 6 जनवरी को आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा के प्रवेश-पत्र जारी कर दिए गए।
योग्य अभ्यर्थी अपने प्रवेश-पत्र तीनों निगमों की वेबसाइट से अपलोड कर सकते हैं। जयपुर डिस्कॉम, अजमेर व जोधपुर विद्युत वितरण कंपनी में कॉमर्शियल असिस्टेंट पदों के लिए लिखित परीक्षा में जयपुर, जोधपुर व अजमेर डिस्कॉम में कुल करीब 68,462 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।
लिखित परीक्षा के लिए जयपुर में 27,442 अभ्यर्थियों के लिए 55 परीक्षा केंद्र, कोटा में 7,381 अभ्यर्थियों के लिए 15, अजमेर में 11,437 अभ्यर्थियों के लिए 28, उदयपुर में 4,123 अभ्यर्थियों के लिए 9 परीक्षा केंद्र, जोधपुर में 9,890 अभ्यर्थियों के लिए 26 और बीकानेर में 8,189 अभ्यर्थियों के लिए 26 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
जयपुर डिस्कॉम के मुख्य कार्मिक अधिकारी आर. के. शर्मा ने बताया कि भर्ती के लिए जयपुर डिस्कॉम में 99 पद, अजमेर डिस्कॉम में 59 पद व जोधपुर डिस्कॉम में 65 पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा आयोजित की जा रही है।
कॉमर्शियल असिस्टेंट पद पर आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रवेश की सूचना ई- मेल व एसएमएस के जरिए दे दी है। अभ्यर्थी अपना रजिस्ट्रेशन नंबर फीड कर बिजली कंपनियों की वेबसाइट से परीक्षा प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते है।






