फुट ओवरब्रिज से पार करो रोड और ले जाओ इनाम
Source: Bhaskar News | Last Updated 05:07(09/02/12)
जयपुर. यातायात नियमों का पालन करने वालों को अब यातायात पुलिस इनाम देगी। यह अनूठी पहल गुरुवार से की जाएगी। पहले चरण में यातायात पुलिस उन राहगीरों को इनाम देगी जो सड़क पार करने के लिए लक्ष्मी मंदिर तिराहा और नारायण सिंह तिराहे पर फुट ओवरब्रिज व अजमेरी गेट स्थित भूमिगत पद मार्ग का उपयोग करेंगे।
यातायात डीसीपी रोहित महाजन ने बताया कि सुबह 11 बजे तीनों जगहों पर यातायात पुलिसकर्मी खड़े रहेंगे। दोनों फुट ओवर ब्रिज व भूमिगत पद मार्ग का उपयोग करने वाले पहले दस राहगीरों को विशेष पुरस्कार दिया जाएगा। इसके बाद 100वें, 200वें, 300वें तथा 400वें राहगीर को पुरस्कार दिया जाएगा। 500 से लेकर 504 तक फिर 600वें, 700से 701वें, 800 से 802 वें, 900 से 903वें तथा 1000 से लेकर 1010, 15 सौ से 1504 तक तथा 2000 से 2009 वें तक जाने वाले राहगीरों को पुरस्कार दिया जाएगा।
ये होगा फायदा
तीनों जगह अति व्यस्त जगह है। यहां पर हमेशा भीड़भाड़ रहती है। ऐसे में सड़क पार करते समय दुर्घटना की ज्यादा आशंका रहती हैं। तीनों जगह सड़क पार करने के लिए फुट ओवरब्रिज तथा सब वे बना हुआ है। राहगीर सड़क पार करने के लिए अगर तीनों का उपयोग करते हैं तो सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी।