जयपुर.निवारू रोड पर संजय नगर में शनिवार सुबह साढ़े तीन वर्षीय बालक पड़ोसी की छत पर अचेतावस्था में मिला, जिसकी अस्पताल में मौत हो गई। बालक के मुंह पर खून और गर्दन पर निशान पाए गए। उसके होंठ और हथेलियां नीली पड़ी हुई थीं।
प्रथम दृष्टया जांच में डॉक्टरों ने बालक से ज्यादती की आशंका जताई। इस पर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया। इसमें बालक से ज्यादती होना नहीं पाया गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस जहरीली वस्तु खाने से मौत होना मान रही है, लेकिन मौत के असली कारणों का पता विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।
एडिशनल डीसीपी योगेश गोयल ने बताया कि संजय नगर में बाबूलाल शर्मा रहते हैं। उनका साढ़े तीन वर्ष का बेटा अंश उर्फ चीकू शनिवार सुबह पौने दस बजे घर के सामने रहने वाले हनुमान सहाय सैन की छत पर अचेत पड़ा था। हनुमान सहाय के पड़ोस में रहने वाले भंवरलाल अपने छह वर्ष के बेटे हर्ष के साथ अपने घर की दूसरी मंजिल पर गए थे। हर्ष ने अंश को छत पर उपलों के बीच पड़ा हुआ देखकर अपने पापा को बताया।
भंवरलाल ने अंश के छत पर पड़े होने की सूचना हनुमान सहाय सैन और बाबू लाल के घर पर दी। तब परिजन अंश को खातीपुरा के दीप अस्पताल लेकर गए। वहां से डॉक्टरों ने उसे एसएमएस अस्पताल रैफर कर दिया। एसएमएस अस्पताल की इमरजेंसी में बालक को मृत घोषित कर दिया।
ज्यादती की आशंका पर पुलिस की मशक्कत
एसएमएस अस्पताल की इमरजेंसी में डॉक्टरों ने बालक से ज्यादती की आशंका जताई। इससे पुलिस में खलबली मच गई। पुलिस के आला अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की। योगेश गोयल ने अंश के घर और हनुमान की छत से चॉकलेट, बिस्कुट, नमकीन के रैपर जांच के लिए जब्त किए।