मारा, पीटा,हाथ पैर बांधे और ले भागे 35 हजार डॉलर

जयपुर.निर्माण नगर के रानी सती नगर में शुक्रवार शाम मनी एक्सचेंज करने वाली वेस्टर्न यूनियन कंपनी के दो कर्मचारियों को बंधक बना सात बदमाश 35 हजार अमेरिकन डॉलर लूटकर ऑटो से फरार हो गए। लूटी गई राशि की भारतीय मुद्रा में कीमत करीब साढ़े उन्नीस लाख रुपए है। दोनों कर्मचारी को रुपयों के बदले डॉलर लेने के बहाने अमित नामक व्यक्ति ने रानी सती नगर में बुलाया था।
लुटेरों के भागने के बाद दोनों कर्मचारियों ने एक दूसरे को खोला और फ्लैट के बाहर आकर चिल्लाए। तब घटना का पता चला। पुलिस को दो सौ फीट बाईपास पर लुटेरों द्वारा फेंका हु्आ बैग मिला है।
एडीशनल पुलिस कमिश्नर डॉ. गिर्राज मीणा ने बताया जोबनेर के राजेंद्र गुर्जर और हिमाचल के रविकांत जयपुर में खातीपुरा में रहते हैं। दोनों एमआई रोड स्थित उषा प्लाजा में वाइस मैन वेस्टर्न मनी एक्सचेंज में सात वर्ष से काम कर रहे हैं। वाइस मैन कंपनी ने वेस्टर्न मनी एक्सचेंज कंपनी से विदेशी मुद्रा की विनिमय के लिए एजेंसी ले रखी है। दोनों कर्मचारी शाम को पांच बजे कंपनी ऑफिस से 35 हजार अमेरिकन डॉलर लेकर रानी सती नगर के प्लॉट नंबर 1075 की तीसरी मंजिल पर रहने वाले अमित अग्रवाल से एक्सचेंज करने आए थे। वहां दोनों को अमित अग्रवाल और उसके दो साथी मिले।
पासपोर्ट और रुपए लेकर आने के बहाने बैठाया राजेंद्र और रवि को अमित और उसके साथियों ने पंद्रह मिनट इंतजार करने के लिए। उन्होंने कहा कि हमारे चाचा पासपोर्ट और रुपए लेकर आ रहे हैं। इसके बाद अमित ने अपने मोबाइल से किसी को फोन किया और पासपोर्ट व रुपए लेकर आने के लिए कहा। फोन करने के कुछ देर बाद चार युवक बाहर से आए और राजेंद्र व रविकांत से मारपीट कर दोनों के हाथ पैर बांधकर पटक दिया। इसके बाद मुंह पर टेप चिपका दी । एक बदमाश ने राजेंद्र के सिर पर रिवाल्वर लगा दी। दूसरे बदमाश के पास चाकू था जिसको रवि के गले पर लगाकर चिल्लाने पर मारने की धमकी दी। राजेंद्र ने डालर से भरा बैग जोर से पकड़ लिया। तब लुटेरों ने राजेंद्र के हाथ पर चाकू मारकर बैग छिन कर भाग गए।
एक दूसरे के खोले हाथ पांव: लुटेरों के भागने के बाद राजेंद्र ने अपने मुंह पर लगी टेप को दीवार से रगड़ कर हटाया और मुंह से रवि के हाथ खोले। इसके बाद रवि ने खुद को और राकेश को बंधन मुक्त किया और फ्लैट के बाहर आकर चिल्लाए। दोनों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर आए और पुलिस को लूट की घटना की सूचना दी।
ट्रैवल्स के मालिक ने भेजा था डॉलर एक्सचेंज करने के लिए: जौहरी बाजार स्थित हरिओम ट्रैवल्स के राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि बुधवार को उनके पास फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को अमित अग्रवाल बताया और परिवार सहित जापान के ओसा सिटी जाने के लिए कहा। अमित ने खुद का पता भी दिया और जापान जाने के लिए उसने 35 हजार अमेरिकन डॉलर की आवश्यकता बताई थी। इसके बाद राकेश ने मनी एक्सचेंज के लिए वाइस मैन वेस्टर्न मनी एक्सचेंज कंपनी को कहा और कंपनी को अमित का नाम पता और मोबाइल नंबर दे दिए। तब कंपनी के दोनों कर्मचारी रानी सती नगर में अमित अग्रवाल के पास 35 हजार डालर लेकर गए थे।
दो दिन पहले ब्रोकर के जरिए दिया था फ्लैट किराए पर: फ्लैट के मालिक यशवंत सिंह रामू (पूर्व दिवंगत विधायक) के परिवार ने दो दिन पहले ही इलाके के मकान किराए पर देने वाले ब्रोकर चेतराम सैनी के कहने पर फ्लैट बुधवार को किराए पर दिया था। किराए पर देते समय उन्होंने किराएदारों के आईडी और फोटो नहीं लिए। गुरूवार को वे रहने के लिए आए थे। उनसे शुक्रवार सुबह आईडी और फोटो मांग तो रविवार को सामान लाने के बाद देने के लिए कहा था। यशवंत सिंह रामू का परिवार दूसरी मंजिल पर ही रहता है।







