सीकर.न रसोई गैस उपभोक्ता अपने अधिकारों से जागरूक हैं न डिलेवरी मैन नियमों की पालना करते हैं। सप्लाई के दौरान उपभोक्ता को रसोई गैस सिलेंडर तोल कर देने का नियम है। इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट की भी स्पष्ट गाइड लाइन है। इसके बावजूद सप्लाई के समय उपभोक्ता न तो सिलेंडर तोलने की मांग करता है और न ही डिलेवरी मैन इसकी जहमत उठाते हैं। दैनिक भास्कर ने रविवार को शहर के विभिन्न इलाकों में सिलेंडर सप्लाई के वक्त डिलेवरी मैन और उपभोक्ताओं से बात कर लाइव रिपोर्टिंग की।
26 फीसदी सिलेंडरों में कम मिली थी गैस
जोधपुर रसद विभाग की ओर से ढाई महीने में 186 सिलेंडर जब्त किए गए। इनमें से 47 सिलेंडरों में एक से तीन किलो तक गैस कम मिली। जब्त सिलेंडरों में इनकी संख्या 26 फीसदी है। केंद्र सरकार की ओर से 14 सितंबर से सब्सिडाइज्ड सिलेंडरों की संख्या सीमित किए जाने के बाद रसद विभाग की ओर से यह जांच की गई। जब्त किए गए सिलेंडरों की जांच में सामने आया कि गोदाम से सिलेंडर पूरे वजन के निकले लेकिन उपभोक्ता तक पहुंचते-पहुंचते हल्के हो गए।
उपभोक्ता भरोसे पर ही ले लेते हैं सिलेंडर
> डिलेवरी मैन मापक यंत्र नहीं रखते
जाट कॉलोनी की डा. शिप्रा ने डिलेवरी मैन से बिना तुलवाए सिलेंडर सप्लाई ली। भास्कर रिपोर्टर ने बात की तो उन्होंने कहा डिलेवरी मैन मापक यंत्र साथ ही नहीं रखते। ऐसे में उन्हें तोलने के लिए कहा जाएगा तो सप्लाई समय पर नहीं मिलेगी। यहां डिलेवरी मैन के पास मापक यंत्र नहीं मिला।
> जब वजन कम लगे तो तोल लेते हैं
वार्ड नंबर 42 स्थित अब्बासियान मोहल्ले में सिलेंडर सप्लाई के समय उपभोक्ता साजिद ने सिलेंडर बिना तोले ही डिलेवरी ले ली। डिलेवरी मैन ने भी आज मापक मशीन नहीं लाने की बात कही। साजिद का कहना है कि कम वजन की आशंका पर घर पर सिलेंडर तोल लेते हैं।
> न मांग की न तोला
सालासर स्टैंड के उपभोक्ता पवनकुमार ने सिलेंडर सप्लाई लेते वक्त तुलवाने की मांग नहीं की और न ही डिलेवरी मैन ने इसके बारे में बताया। रिपोर्टर के बात करने पर उपभोक्ता ने कहा भरोसे पर सिलेंडर लेते हैं। आचार्य मोहल्ले के राजेंद्रकुमार ने भी बिना तुलवाए सिलेंडर लिया। दोनों ही जगहों पर डिलेवरी मैन ने सिलेंडर तौलकर देने की बात नहीं की।