इतिहास बनाने की जिद, 1 घंटे 37 मिनट तक निगाहें कैनवास पर
Source: Bhaskar News | Last Updated 04:20(09/02/12)
जयपुर. भास्कर उत्सव के तहत विश्व रिकॉर्ड बनाने के लिए बुधवार को बीस हजार से ज्यादा बच्चे सेंट्रल पार्क में इकट्ठे हुए। ‘मेरे सपनों का जयपुर’ पर आयोजित ड्रॉइंग और पेंटिंग प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी कल्पनाओं के रंग भरते हुए दुनियाभर में जयपुर को बेस्ट सिटी बनाने का संदेश दिया।
वहीं, एक्रेलिक कैनवास पर स्कैच बनाते हुए ग्रीन और क्लीन सिटी, वॉलसिटी से मॉल-सिटी, मौलिक गुलाबी रंग बरकरार रखते हुए धरोहरों के संरक्षण, शांतिपूर्ण शहर बनाने की बात कही। 13.2 किलोमीटर लंबी और एक फीट चौड़ी पेंटिंग बनाकर एक नया इतिहास रचने के लिए सुबह नौ बजे से ही बच्चों का पार्क में पहुंचना शुरू हो गया।
लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्डस बनाने के लिए की गई इस पहल में तीसरी से बारहवीं क्लास तक के बच्चों ने हिस्सा लिया। इस कॉम्पीटीशन के प्रति बच्चों में जबर्दस्त उत्साह था। बच्चों का उत्साह तब और बढ़ गया जब बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर वहां पहुंचे। उन्होंने तिरंगे के रंग में गुब्बारे और सफेद कबूतर उड़ाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
तुषार ने कहा, यह पहला अवसर है जब वे हजारों बच्चों की हौसला अफजाई करने पहुंचे हैं। साथ ही वे इस वल्र्ड रिकॉर्ड के गवाह भी बने हैं। उन्होंने फिल्म ‘गोलमाल’ का डायलॉग ओ ऐ ऐ..सुनाकर बच्चों का उत्साह बढ़ाने का प्रयास किया।
सुबह 10 बजकर 53 मिनट पर प्रतियोगिता शुरू हुई। पार्क में चारों तरफ अलग-अलग यूनिफॉर्म में बच्चे कैनवास पर रंग भरते नजर आ रहे थे। टीचर्स समय-सीमा का ध्यान रखते हुए उन्हें पेंटिंग पूरा करने के लिए मोटिवेट कर रहे थे। बच्चों ने भी डिसिप्लिन का ध्यान रखते हुए कतार को नहीं तोड़ा। 1 घंटे 37 मिनट में यानी 12 बजकर 30 मिनट पर इस ऐतिहासिक पेंटिंग को बनाने का समय खत्म हुआ।
हजारों बच्चों ने एक साथ गाया राष्ट्रगान
इस रिकॉर्ड के बाद भास्कर उत्सव की श्रंखला में एक नया रिकॉर्ड बनाने की और पहल की गई है। इसमें यहां उपस्थित बच्चों, टीचर्स और अन्य लोगों ने पार्क में लगे राज्य के सबसे बड़े तिरंगे के सामने खड़े होकर एक साथ राष्ट्रगान गाया। इसके बाद भारत मां की जय से पार्क गूंज उठा।