पायका में झुंझुनूं को दोहरे खिताब

जयपुर.झुंझुनूं ने गुरुवार को यहां संपन्न राज्य स्तरीय पायका खेलों में दोहरे खिताब जीते, जबकि मेजबान जयपुर के लड़कों ने हनुमानगढ़ को हराकर खो-खो का स्वर्ण अपने नाम किया। झुंझुनूं ने वॉलीबॉल के बालक वर्ग के फाइनल में बीकानेर को 2-0 से रौंदा, वहीं बालिका हैंडबॉल के फाइनल में इस टीम ने बाड़मेर को 7-4 से पराजित किया।
सीकर की लड़कियों ने झुंझुनूं को हराकर वॉलीबॉल का खिताब जीता। हैंडबॉल के फाइनल में मेजबान जयपुर को श्रीगंगानगर से 25-36 से हार का मुंह देखना पड़ा। बीकानेर ने बांसवाड़ा को 2-0 से और जालौर ने बाड़मेर को 4-3 से हराकर क्रमश: बालक व बालिका फुटबॉल का खिताब जीता। हॉकी में अलवर ने श्रीगंगानगर को 2-0 से और अलवर ने दौसा को 2-1 से पराजित कर क्रमश: बालक व बालिका वर्ग का खिताब जीता। समापन समारोह के मुख्य अतिथि माध्यमिक शिक्षा आयुक्त भास्कर सावंत ने पुरस्कार दिए। समारोह में खेल परिषद अध्यक्ष शिवचरण माली और पूर्व ओलिंपियन श्रीराम सिंह भी मौजूद थे।
चंद्रिका को रजत, जया को एक और कांसा :
राजस्थान ने कटक में चल रहे राष्ट्रीय महिला पायका खेलों में गुरुवार को एक रजत व एक कांस्य पदक जीता। राजस्थान के कुल तीन पदक हो गए हैं। चंद्रिका चौधरी ने बैलेंसिंग व्हील स्पर्धा में रजत पदक जीता, वहीं जया शेखावत ने भुवनेश्वर में चल रही राष्ट्रीय महिला पायका तैराकी प्रतियोगिता में लगातार दूसरा कांस्य जीता। जया ने बुधवार को भी कांसा जीता था। बास्केटबॉल में राजस्थान ने उत्तरप्रदेश को 59-49 से पराजित किया।
जोधपुर जीता, उदयपुर पराजित
जोधपुर इलेवन ने टी-20 क्रिकेट में गुरुवार को एसबीएन एकेडमी को 20 रन से हराया। तीन विकेट पर 180 रन बनाने के बाद जोधपुर ने एसबीएन को 9/160 रन पर रोक दिया। विजेता टीम के लिए दिलीप भट्ट (93), हेमराज सिंह (45), नरेंद्र सिंह (तीन विकेट) व नरेश भाटी (दो विकेट) ने अच्छा खेल दिखाया। एक अन्य मैच में एसबीएन एकेडमी ने उदयपुर इलेवन को चार विकेट से हराया।
अलवर को हरा स्टार एकेडमी अगले राउंड में :
स्टार एकेडमी ने अलवर को छह विकेट से हरा राज्य स्तरीय शर्मा-माथुर क्रिकेट के अगले राउंड में जगह बनाई। पहले खेलते हुए अलवर की टीम 79 रन पर सिमट गई। चंदन, कमलेश व पीयूष ने दो-दो विकेट लिए। स्टार एकेडमी ने 32.4 ओवर में मैच जीत लिया।
राजस्थान क्लब जीता : बी डिवीजन फुटबॉल लीग में राजस्थान क्लब ने एमिटी यूनिवर्सिटी-बी को 2-1 से हराया। विजेता टीम के लिए सुकोन व सुहैल ने एक-एक गोल किया। एमिटी का एकमात्र गोल दिव्यांशु के नाम रहा।






