सिर्फ एक क्लिक और पीएफ की सारी जानकारी आपके पास
जयपुर.कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने राज्य के सभी कर्मचारियों के पीएफ खातों को ऑनलाइन कर दिया है। अब ऐसे कर्मचारी जिनका पीएफ जमा होता है, अपने खातों का हिसाब संगठन की वेबसाइट पर देख सकेंगे।
क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त (प्रथम) आर.के. सिंह ने बताया कि जिन कर्मचारियों के वेतन से पीएफ कटता है, उन्हें विभाग की वेबसाइट www.epfindiagov.in पर जानकारी मिल सकेगी।
वेबसाइट पर ईपीएफ बैलेंस पर क्लिक करके राजस्थान पर क्लिक कर अकाउंट की जानकारी भरनी होगी। इसमें संस्थान का कोड, पीएफ नंबर, नाम व मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। इसके एक मिनट बाद ही मोबाइल पर मैसेज आ जाएगा। राज्य के 20 लाख से अधिक कर्मचारियों को इसका फायदा मिलेगा।
कर्मचारियों के दावों का भुगतान भी ऑनलाइन कर दिया गया है। इसके लिए संबंधित कर्मचारी को अपने मोबाइल नंबर के साथ बैंक पासबुक की फोटो कॉफी देनी होगी। इससे भुगतान शीघ्रता से प्राप्त किया जा सकेगा।
ईमेल पर शिकायत : सिंह ने बताया कि विभाग की ईमेल आईडी ro.jaipur@epfindia.gov.in पर कर्मचारी किसी भी प्रकार की शिकायत दर्ज करा सकते हैं और कोई अन्य जानकारी चाहेंगे तो वह भी उन्हें इस मेल आईडी के माध्यम से मिल जाएगी।
जागरूकता सेमिनार भी :
सिंह ने बताया कि 24 सितंबर को विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र स्थित एम्प्लायर्स एसोसिएशन के सभागार में जागरूकता सेमिनार आयोजित की जाएगी। उसमें वेबसाइट के बारे में जानकारी दी जाएगी।
जिन कर्मचारियों को किसी प्रकार की कोई शिकायत है, वे अपनी शिकायत 21 सितंबर तक पीएफ कार्यालय में अथवा ईमेल पर भेज सकते हैं, उनका निपटारा भी इस सेमिनार के दौरान कर दिया जाएगा।





