हर घंटे मंत्र पढ़ने के आठ लाख रुपए...और वह गंवा बैठा 24 लाख!

जयपुर.जमीन में गड़ा सोना-चांदी निकालने का झांसा देकर एक व्यक्ति से करीब 24 लाख रु. हड़पने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने हरमाड़ा थाने में रविवार को केस दर्ज कराया, जिसकी जांच थाना प्रभारी राय सिंह बेनीवाल कर रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि ठगी के शिकार रामेश्वर गुर्जर गांव हनुमानपुरा, हरमाड़ा के रहने वाले हैं। वे खेतीबाड़ी करते हैं। पिछले माह उनके परिचित मित्र सहदेव जाट ने बताया कि उसके दो परिचित तांत्रिक क्रिया से जमीन में गड़ा हुआ धन निकालते हैं। सहदेव ने 16 जून को उन्हें दौलतपुरा कोटड़ा निवासी मुकेश मीणा व रेनवाल निवासी तांत्रिक रोशन बावरिया से मिलवाया। उन्होंने जमीन से चांदी का एक टुकड़ा निकालकर रामेश्वर को दिया।
फिर बातचीत में फंसाकर 18 जून को ट्रांसपोर्ट नगर बुलाया। वहां 50 किलो सोना व 20 किलो चांदी निकालने का झांसा देकर 11 लाख रु. ले लिए। फिर 22 जून को जमीन से धन निकालने के लिए मुकेश मीणा व रोशन बावरिया ने रामेश्वर को कालाडेरा औद्योगिक क्षेत्र के समीप मंडाभीम गांव में बुलाया। वहां मंदिर के पास देर रात को खुदाई शुरू की।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने खुदाई के दौरान मंत्रोच्चार के लिए प्रति घंटा आठ लाख रुपए मांगे। तब मुकेश ने भी दो लाख रुपए देने का आश्वासन दिया। उन्होंने रामेश्वर से नौ फीट जमीन खोदने पर धन निकलने को कहा। दो घंटे में चार फीट गड्ढा खोदा जा सका तो रोशन ने मंत्रोच्चार सामग्री खत्म होने की बात कहकर 13 लाख रु. और मांगे और अगले दिन खुदाई करने को कहा। झांसे में आकर रामेश्वर ने आरोपियों को उतने रुपए दे दिए।
अगले दिन फिर से पांच फीट खुदाई के बाद कुछ नहीं मिला तो रामेश्वर ने रुपए लौटाने को कहा, पर वे उसे टरकाने लगे। इस पर पीड़ित ने रोशन व मुकेश के खिलाफ केस दर्ज करा दिया। वारदात में मांगीलाल व चौथमल मीणा के शामिल होने की बात सामने आई है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।






