इंटरनेट पर खूब लगी रॉयल्स के 'अंतिम मैच' के ब्लैक टिकटों की बोली

राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच रविवार को अंतिम मैच के लिए टिकटों की खूब कालाबाजारी हुई। कुछ लोगों ने तो www.ipltickets.net पर टिकटों की बोली लगा दी। इसमें 300 वाला टिकट 800 और 500 वाला टिकट 1000 रुपए तक में बिका। इस बारे में जब भास्कर ने एक व्यक्ति को फोन किया तो उसने झोटवाड़ा आकर टिकट लेने की बात कही। बहरहाल, आईपीएल को लेकर देशभर में छिड़ी बहस के बावजूद जयपुराइट्स का हुजूम रविवार को रॉयल्स और मुंबई के बीच हुए मैच में उमड़ पड़ा। पूरा स्टेडियम रॉयल्स के ‘हल्ला बोल’ से गूंज रहा था तो दूसरी ओर अव्यवस्थाओं का भी आलम देखने को मिला। जिस पुलिस पर व्यवस्था को संभालने का जिम्मा था वही व्यवस्थाओं को अव्यवस्थित करती दिखी। अमर जवान ज्योति वाले एंट्री गेट पर पुलिस वाले दूसरे लोगों को तो लाइन में लगने की सलाह देते नजर आए, जबकि वे खुद अपने अफसरों के परिजनों को बिना लाइन एंट्री दिलाते देखे गए।







