देरी से मिलेगी निजात, समय पर मिलेगी छात्रों को डिग्री
Source: Bhaskar news | Last Updated 01:43(08/02/12)
जयपुर. राजस्थान टेक्निकल यूनिवर्सिटी (आरटीयू) से किसी भी प्रोग्राम में डिग्री पूरी कर चुके स्टूडेंट्स के लिए एक खुशखबरी है। आरटीयू पहली बार पढ़ाई पूरी करने के केवल 6 महीने बाद ही छात्रों के हाथ डिग्री थमाने वाली है।
25 फरवरी को आयोजित होने वाले कन्वोकेशन (दीक्षांत समारोह) में छात्रों को यह मौका मिलेगा। संभवतया लेटलतीफी जैसे विवादों से घिरी यूनिवर्सिटी की छवि सुधारने की दिशा में यह पहल की जा रही है। इससे पहले छात्रों को डिग्री मिलने में एक से दो साल तक का समय लग जाता था।
आईआईटी व एनआईटीज की तर्ज पर
आरटीयू के वाइस चांसलर आरपी यादव के मुताबिक, अभी तक ऐसा आईआईटीज व एनआईटीज में होता है। इसी तर्ज पर अब कोर्स पूरा करने के केवल 6 महीने बाद ही छात्रों के हाथों में डिग्री होगी। यूनिवर्सिटी के बीटेक, एमटेक, आर्किटेक्चर, एमबीए या किसी भी प्रोग्राम के छात्रों के लिए यह व्यवस्था की गई है।
इसके तहत सत्र 2010 व 2011 के करीब 45 हजार छात्रों को डिग्री दी जाएगी। इनमें 2010 के 19 हजार और 2011 के 25 हजार छात्र शामिल हैं। इनमें से चुनिंदा छात्रों (मैरिटोरियस) को यूनिवर्सिटी के कन्वोकेशन में शामिल कर गोल्ड मेडल से नवाजा जाएगा।