जयपुर.प्रदेश में अलग-अलग जगह हुए हादसों में रविवार को कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के 11 अभ्यर्थियों की मौत हो गई। सीकर रोड पर रींगस के पास हुई एक दुर्घटना में ही 8 अभ्यर्थी मारे गए। ये सभी जयपुर में परीक्षा देकर बोलेरो से तारानगर लौट रहे थे। भोपतपुरा जीएसएस के पास बोलेरो की भिड़ंत रोडवेज बस से हो गई।
चार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि जयपुर रैफर पांच में से चार ने रास्ते में दम तोड़ दिया। आठों मृतकों में से तीन की शिनाख्त हो गई है। इनमें कलवास तारानगर का दौलतराम, बगड़ झुंझुनूं का सुनील कुमार व तारानगर का प्रताप है।
उधर, उदयपुर के केवड़े की नाल के पास मोटरसाइकिलों की भिड़ंत में सेमारी निवासी गौरव ने दम तोड़ दिया। जोधपुर में बावड़ी-नेतड़ा रोड पर स्कॉर्पियों और ट्रैक्टर की टक्कर में छापोली (झुंझुनूं) के अशोक कुमार की मौत हो गई। भीलवाड़ा में परीक्षा देने के बाद मेघवालों का वास (नागौर) लौट रहे रामप्रसाद की बस से कुचलकर मौत हो गई।
रविवार को नौ लाख अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। जैसलमेर के पोकरण में कमला विश्नोई मोबाइल व ब्लूटूथ से नकल करते पकड़ी गई। भरतपुर में फर्जी परीक्षार्थी को गिरफ्तार किया गया।
धमाके के साथ मच गई चीख पुकार
नेशनल हाइवे-11 पर रात 8.30 तक गाड़ियां तेज गति से दौड़ रही थी। सबकुछ सामान्य था। इसी दरमियान भोपतपुरा-जीएसएस के पास एक तेज धमका हुआ। तेज गति से जयपुर की ओर से आ रही बोलेरो कार सामने से आ रही रोडवेज बस से भिड़ गई। भिड़ंत इतनी तेज थी कि बोलेरो पिचक गई। सवार लोगों को लोहे के सरियों से गाड़ी को तोड़ कर निकाला गया। सूचना मिली तो मौके पर पुलिस पहुंची। सीएचसी रींगस, श्रीमाधोपुर व आरएसडब्ल्यूएम की एंबुलेंस भी मौके के लिए रवाना की गई। डीएसपी रामप्रकाश शर्मा, एसडीएम राधेप्रकाश, एसएचओ शायर सिंह पलसानियां भी घटनास्थल पर पहुंचे।
गाड़ी में सवार 12 लोगों में चार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की वजह से एनएच पर आधे घंटे तक जाम लगा रहा। रोडवेज चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नेशनल हाइवे को फोरलेन करने का काम चल रहा है। भोपतपुरा जीएसएस के पास इसे वन वे किया हुआ है। जिससे दोनों वाहन आमने सामने आ गए। वाहनों की गति भी तेज थी।