पानी में डूबे ट्रैक, 10 ट्रेनें अटकीं सड़क यातायात भी अस्त-व्यस्त

जयपुर.रात को हुई बारिश से बुधवार सुबह ट्रेन व सड़क यातायात पूरी तरह से अस्त व्यस्त हो गया। ट्रैक पर पानी भरने से 10 ट्रेनें बीच रास्ते घंटों अटकी रहीं। ट्रेनों को बस्सी, गांधीनगर, आसलपुर, फुलेरा, जगतपुरा, दुर्गापुरा स्टेशनों पर रोका गया। जयपुर स्टेशन से भी सुबह ट्रेनें देरी से रवाना हो सकी। आगरा व दिल्ली जाने वाली रोडवेज की बसों को भी डायवर्ट मार्ग से भेजा गया। कनकपुरा में पानी के तेज बहाव से ट्रैक के नीचे से गिट्टी बह गई। इस कारण यह ट्रैक चार घंटे बाधित रहा।
ट्रैक पर पानी भरने के कारण ट्रेनें आधा घंटे से चार घंटे तक देरी से चली। दिल्ली-जोधपुर मंडौर एक्सप्रेस 4 घंटे, हरिद्वार-अहमदाबाद एक्सप्रेस 2 घंटे 5 मिनट, अहमदाबाद-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस 3 घंटे 40 मिनट, अहमदाबाद-दिल्ली आश्रम एक्सप्रेस 2 घंटे 5 मिनट, जैसलमेर-दिल्ली एक्सप्रेस 2 घंटे 30 मिनट, कोटा-हनुमानगढ़ पैसेंजर ट्रेन 30 मिनट, अमृतसर-जयपुर एक्सप्रेस 30 मिनट, कोटा-जयपुर पैसेंजर ट्रेन 2 घंटे 5 मिनट, जयपुर-दिल्ली नॉन स्टाप ट्रेन 25 मिनट और बांद्रा टर्मिनस-दिल्ली सराय रोहिल्ला ट्रेन 1 घंटा 15 मिनट की देरी से चली। रेलवे प्रशासन ने अंडरपास व कई जगह ट्रैक पर पानी भरने से ऐसे स्थानों पर ट्रेनों को धीमी गति से निकालने के निर्देश दिए गए हैं।
बसों को भेजा डायवर्ट मार्ग से
तेज बारिश के कारण बसें दो से तीन घंटे की देरी से चलीं। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सिंधी कैंप से भी बसें देरी से रवाना हो सकी। यात्री बसों का इंतजार करते रहे। सिंधी कैंप बस स्टैंड से आगरा व दिल्ली जाने वाली बसों को डायवर्ट मार्ग से भेजा गया।
रोडवेज प्रशासन से प्राप्त जानकारी घाट की गुणी पर बंद होने से आगरा जाने वाली बसों को खो नागोरियान होकर निकाला गया। दिल्ली जाने वाली बसों को ट्रांसपोर्ट नगर की बजाय नारायण सिंह सर्किल से अजमेर रोड होते हुए एक्सप्रेस हाईवे से निकाला गया।








