ट्रैफिक रूल का किया पालन, साथ में मिला गिफ्ट
Source: Bhaskar News | Last Updated 05:43(10/02/12)
जयपुर. सड़क पार करने के लिए लोगों को भूमिगत मार्ग और ओवरब्रिज का उपयोग करने की ट्रैफिक पुलिस की सलाह पहले ही दिन कारगर रही।
गुरुवार को अजमेरी गेट स्थित भूमिगत मार्ग, नारायण सिंह तिराहा तथा लक्ष्मी मंदिर तिराहा स्थित फुट ओवरब्रिज का सुबह 11 बजे से शाम सात बजे तक 11181 राहगीरों ने उपयोग किया। अभियान के दौरान मौजूद ट्रैफिक डीसीपी रोहित महाजन ने 49 लोगों को इनाम भी दिए। यह अभियान शुक्रवार को सुबह 9 से शाम 7 बजे तक चलाया जाएगा। डीसीपी के अनुसार अजमेरी गेट भूमिगत पद मार्ग बिजली कटौती के दौरान बंद रखा जाएगा।
दैनिक भास्कर उपलब्ध कराएगा गिफ्ट
राहगीरों को पद मार्ग का उपयोग करने को प्रेरित करने के लिए यातायात पुलिस की ओर से चलाए जा रहे अभियान में दैनिक भास्कर पूरा सहयोग करेगा। राहगीरों को बांटे जा रहे गिफ्ट शुक्रवार को दैनिक भास्कर यातायात पुलिस को उपलब्ध कराएगा।
यहां भी बने फुट ओवर ब्रिज
बी-2 बाइपास पर भारी वाहनों के संचालन से एसएफएस चौराहे पर यातायात का दबाव बढ़ गया है। ऐसे में यहां भी सड़क पार करने के लिए फुट ओवरब्रिज बनाना बहुत जरूरी हो गया है। इसी तरह गणोश मंदिर चौराहे पर यातायात का दबाव ज्यादा होने से लोगों को सड़क पार करने में परेशानी आती है।
दोनों जगह फुट ओवरब्रिज बनाए जाएं तो लोग आसानी से सड़क पार कर सकेंगे और दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। दोनों जगह फुट ओवरब्रिज बनाए जाने के पक्ष में डीसीपी भी हैं। उनका कहना है कि इस संबंध में वे जेडीए को पत्र लिखेंगे। उम्मीद है प्रशासन इस ओर ध्यान देगा।