राज्यदिल्ली
मध्य प्रदेश
राजस्थान
छत्तीसगढ़
हिमाचल
पंजाब
हरियाणा
चंडीगढ़
उत्तर प्रदेश
बिहार
झारखंड
महाराष्ट्र
गुजरात
जम्मू-कश्मीर
10 करोड़ की बिजली चोरी: फैक्ट्री मालिक यूसुफ बेलिम ने किया सरेंडर
Bhaskar News
| Dec 11, 2012, 04:57AM IST

जोधपुर.जीएसएस पर लगे मीटर में रिमोट कंट्रोल डिवाइस लगा कर करीब दस करोड़ की बिजली चोरी करने वाले फैक्ट्री मालिक यूसुफ बेलिम ने सोमवार को डिस्कॉम पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।
वह पांच माह से फरार था और हाईकोर्ट से भी उसे राहत नहीं मिली थी। इसी मामले में डिस्कॉम के एक्सईएन ललित सोनी को भी मंगलवार को जांच अधिकारी के समक्ष पेश होना है। हाईकोर्ट ने 14 दिसंबर तक उसकी अंतरिम जमानत मंजूर करते हुए 11 दिसंबर को पेश होकर अपनी स्थिति स्पष्ट करने को कहा है।
डिस्कॉम विजिलेंस ने कांकाणी स्थित बेलिम स्टील फैक्ट्री तथा मोगड़ा जीएसएस पर गत 10 जुलाई को छापा मार कर बिजली चोरी का बड़ा मामला पकड़ा था। फैक्ट्री मालिक यूसुफ उसी दिन से फरार था।
पुलिस ने कई बार उसके ठिकानों पर छापे मारे, मगर वह पकड़ में नहीं आया। इस बीच उसने इस कार्रवाई को खत्म कराने के लिए उपभोक्ता मंच व निचली अदालतों में अपील की, मगर उसे राहत नहीं मिली। फिर उसने हाईकोर्ट वे यह मुकदमा खारिज करने की याचिका दायर की, उसमें भी उसे फटकार मिली। हाईकोर्ट ने तो इस मामले में दोषी अफसर-कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई करने के निर्देश दे दिए।
तब डिस्कॉम पुलिस ने 5 व 6 नवंबर को एईएन नेमाराम, जेईएन विकास जाजरिया व हेल्पर हरचंद लाल, हरदयाल, राजेंद्र कुमार, पप्पूराम कुमावत व पप्पू मीणा को गिरफ्तार किया, मगर बेलिम फिर भी हाथ नहीं आया। सोमवार को बेलिम ने पुलिस के समक्ष आत्म समर्पण कर दिया। मंगलवार को पुलिस उसे रिमांड पर लेकर रिमोट कंट्रोल डिवाइस लगाने वाले के बारे में पूछताछ करेगी।
एक्सईएन सोनी आज अपना पक्ष पेश करेंगे
एक्सईएन ललित सोनी फिलहाल निलंबित हैं। पुलिस का मानना है कि ललित सोनी 2010 से 11 के दौरान मोगड़ा जीएसएस का कार्यभार संभल रहे थे, इसलिए वे भी आरोपी हैं।
सोनी ने हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत का आवेदन पेश करते हुए कहा था कि बिजली चोरी का मामला उनके कार्यकाल से पहले का है और मीटर चैक करने भी जेईएन ही गया था। हाईकोर्ट ने सभी पक्षों को सुनने के बाद सोनी को 14 दिसंबर तक अंतरिम जमानत तो दी, मगर सभी दस्तावेज के साथ 11 दिसंबर को जांच अधिकारी के समक्ष पेश होने के आदेश भी दिए थे।






