सरकार मुस्लिमों को आरक्षण देने पर देश से माफी मांगे : तोगड़िया
Source: bhaskar news | Last Updated 06:02(03/02/12)
जोधपुर. केंद्र सरकार द्वारा मुसलमानों को आरक्षण देने के फैसले के खिलाफ विश्व हिन्दू परिषद द्वारा आंदोलन किया जाएगा। इसकी शुरुआत 4 फरवरी को लखनऊ में सर्वजातीय महापंचायत से की जाएगी। निजी यात्रा पर जोधपुर आए विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने गुरुवार को विहिप कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जब तक सरकार मुसलमानों को आरक्षण देने की घोषणा वापस नहीं लेती और इसके लिए देश से माफी नहीं मांगती, आंदोलन जारी रखा जाएगा। तोगड़िया ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार मुसलमानों को आरक्षण देकर हिंदुओं के खिलाफ षड्यंत्र रच रही है। विहिप इसे सफल नहीं होने देगा। राजेंद्र सच्चर और रंगनाथ मिश्र आयोग पर गलत आंकड़ों के आधार पर गलत रिपोर्ट देने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि इनके आधार पर ही केंद्र सरकार ने पहले ओबीसी व एससी-एसटी और बाद में अन्य सभी वर्गो के आरक्षण पर डाका डाला है।
मंदिर बीजेपी नहीं, हम बनाएंगे
तोगड़िया ने एक सवाल के जवाब में कहा मैं बीजेपी का नेता नहीं हूं। यूपी चुनाव आते ही वे फिर राम मंदिर की बात करते हैं तो उनसे पूछो। वैसे मंदिर वे नहीं हम बनाएंगे। मंदिर कब बनेगा के सवाल पर उन्होंने कहा कि जब बनेगा तब पूरा देश देखेगा। उन्होंने कहा कि विहिप मुस्लिम आरक्षण के खिलाफ आंदोलन को राममंदिर की तर्ज पर चलाएगा। यह पूछे जाने पर, कि आंदोलन की शुरुआत लखनऊ से करने का कारण क्या वहां हो रहे विधानसभा चुनाव हैं, तोगड़िया ने कहा कि पूरे देश में आंदोलन चलाएंगे पर शुरू वहां से कर रहे हैं।
अशोक जी से पूछो, किसके साथ हैं?
तोगड़िया ने मुख्यमंत्री की तरफ इशारा करते हुए कहा कि अशोकजी से पूछो कि वे किसके साथ हैं? वे माली, सुथार, गुर्जर और मीणा को आरक्षण क्यों नहीं दे रहे हैं। तोगड़िया ने कहा कि मजहब के आधार पर आरक्षण संविधान के खिलाफ है।