एसपी को बंधी देने वाले 12 थानेदार हटाए

अजमेर/जयपुर. थानों से मासिक वसूली को लेकर एसीबी द्वारा की गई कार्रवाई में नामजद एएसपी लोकेश सोनवाल को राज्य सरकार ने शनिवार को निलंबित कर दिया। उधर, अजमेर के निलंबित एसपी राजेश मीणा और एएसपी सोनवाल को हर माह बंधी देने वाले अजमेर के 12 थाना प्रभारियों को हटा दिया गया है।
राज्य सरकार के आदेश पर आईजी अनिल पालीवाल ने शनिवार को इनको लाइन हाजिर कर दिया। गृह विभाग के आदेश के अनुसार सोनवाल तीन दिन से ड्यूटी से नदारद हैं। रविवार को होने वाली पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए वे अजमेर के नोडल अधिकारी भी थे। उनके बिना सूचना के अनुपस्थित होने को घोर अनुशासनहीनता माना गया है।
थाना प्रभारी बदलेत्न मदनगंज से हर्षराजसिंह को सिविल लाइंस, नागौर से हनुवंत सिंह भाटी को दरगाह, चेतना भाटी को गंज, गणेशाराम को रामगंज, रामकिशन विश्नोई को क्लॉक टावर, हस्तीमल को पुष्कर और भीलवाड़ा से ओमप्रकाश वर्मा को आदर्शनगर थाने पर अस्थाई तौर पर लगाया गया है। वहीं टीआई, सांवर, भिनाय, नसीराबाद सदर और क्रिश्चियनगंज थानों पर फिलहाल किसी को नहीं लगाया गया।









