सीबीआई के खिलाफ 12 फरवरी को होने वाली महारैली में भी शामिल होने की संभावना
जोधपुर। दौसा के सांसद किरोड़ी मीणा पूर्व मंत्री रामसिंह विश्नोई की पत्नी अमरी देवी से मिलने गुरुवार दोपहर बिलाड़ा पहुंचे। सुबह उन्होंने अमरी देवी की पुत्रवधू बिलाड़ा प्रधान कुसुम विश्नोई को फोन कर यह सूचना दी थी। मीणा के आने की सूचना मिलने पर विश्नोई समाज के लोग प्रधान के घर एकत्र होने शुरू हो गए हैं। माना जा रहा है कि मीणा 12 फरवरी को जोधपुर में होने वाली महारैली में भी शामिल हो सकते हैं। यह रैली सीबीआई की कार्यप्रणाली के खिलाफ हो रही है।
सीबीआई मलखानसिंह व परसराम को गिरफ्तार कर चुकी है, मगर इंद्रा फरार है। इंद्रा पर दबाव बनाने के लिए सीबीआई ने उनकी वृद्ध मां अमरी देवी को दो बार सर्किट हाउस बुला कर बैठा दिया था जिससे विश्नोई समाज सड़कों पर उतर आया था। किसान केसरी संघर्ष समिति के बैनर तले इस महारैली की तैयारियां जोरों की चल रही है, जिसमें मुख्य वक्ता हरियाणा के सांसद कुलदीप विश्नोई होंगे।
चर्चा है कि दौसा सांसद किरोड़ी मीणा भी तीसरे मोर्चे की स्थिति टटोलने के लिए इस रैली में शामिल हो सकते हैं। मीणा दोपहर तक बिलाड़ा पहुंचेंगे और अमरी देवी से मिलेंगे। इससे पहले वे जोधपुर सेंट्रल जेल में पूर्व मंत्री महिपाल मदेरणा से भी मिलने आए थे, उस वक्त जाट समाज के आंदोलन चल रहे थे।