जोधपुर/बिलाड़ा.सीबीआई ने पाली के सांसद बद्रीराम जाखड़ से भंवरी के संबंध में गुरुवार को करीब एक घंटे तक पूछताछ की। पूछताछ में जाखड़ ने बताया कि भंवरी उन्हें दिल्ली में एक बार मिली थीं। वह गैस एजेंसी की डिजायर लिखवाने आई थीं।
उधर, दौसा सांसद डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने पूर्व मंत्री रामसिंह विश्नोई की पत्नी अमरी देवी से बिलाड़ा में मुलाकात की। मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री व केंद्र में बैठे कांग्रेसी नेताओं पर मदेरणा और विश्नोई परिवार को राजनीतिक द्वेष से फंसाने का आरोप लगाया। इंद्रा विश्नोई ने तीन माह पहले कहा था कि भंवरी अपनी इस सीडी के संबंध में सांसद जाखड़ से भी मिल चुकी हैं।
उस वक्त जाखड़ ने कहा था कि वे भंवरी को नहीं जानते, मगर एक बार दिल्ली में मुलाकात हुई थी। तब वह गैस एजेंसी की डिजायर लिखवाने आई थीं। उस वक्त भंवरी ने सांसद को बताया था कि वह इंद्रा के साथ आई है और राजस्थान हाउस में मलखानसिंह के कमरे में ठहरी हुई है।
सीबीआई ने इस संबंध में पूछताछ करने के लिए जाखड़ को गुरुवार सुबह सर्किट हाउस बुलाया। करीब एक घंटे तक उनसे भंवरी के बारे में पूछताछ की गई। पूछताछ में जाखड़ ने कबूल किया कि दिल्ली में भंवरी उनसे मिली थी, मगर बात गैस एजेंसी की ही हुई थी। उससे पहले और बाद में वे भंवरी से कभी नहीं मिले थे और न ही फोन पर कभी बात हुई।
बुलाया नहीं, मिलने आया हूं : जाखड़
मुझे सीबीआई ने पूछताछ के लिए नहीं बुलाया, मैं खुद उनसे मिलने आया हूं। मैंने अमरी देवी और बच्चों को इस तरह सर्किट हाउस बुलाने पर आपत्ति दर्ज कराई है। हां, भंवरी के बारे में मुझसे सीबीआई ने पूछा था। मैंने बता दिया दिल्ली में गैस एजेंसी के संबंध में मिली थीं, इसके अलावा भंवरी को नहीं जानता था।
- बद्रीराम जाखड़, सांसद, पाली
सांसद जाखड़ को बुलाया था : सीबीआई
पाली के सांसद बद्रीराम जाखड़ को गुरुवार सुबह पूछताछ के लिए सर्किट हाउस बुलाया था। उनसे भंवरी के संबंध में पूछताछ की गई।
- धारिणी मिश्रा, मुख्य प्रवक्ता, सीबीआई
Related Articles: